– ट्रेनी सुपरवाइजर आत्महत्या के मामले यूडी केस दर्ज, ढुलू समर्थकों ने मुआवाज के लिए आउटसोर्सिंग का काम रोका
ब्लॉक दो ओसीपी के बेनीडीह में संचालित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंपस में ट्रेनी माइनिंग सुपरवाइजर रोहित कुमार राजभर ( 22 वर्ष) द्वारा बी-1 बाथरूम में फांसी लगाकर किये गये आत्महत्या के मामले में बाघमारा पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है
– ट्रेनी सुपरवाइजर आत्महत्या के मामले यूडी केस दर्ज, ढुलू समर्थकों ने मुआवाज के लिए आउटसोर्सिंग का काम रोका
गाजीपुर यूपी का रहने वाला था सुपरवाइजर रोहित कुमार राजभर
बाघमारा. ब्लॉक दो ओसीपी के बेनीडीह में संचालित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंपस में ट्रेनी माइनिंग सुपरवाइजर रोहित कुमार राजभर ( 22 वर्ष) द्वारा बी-1 बाथरूम में फांसी लगाकर किये गये आत्महत्या के मामले में बाघमारा पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है. रविवार को देर शाम सादत थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 जिला गाजीपुर यूपी से आये मृतक के पिता मरच्छु राजभर एवं उनके रिश्तेदारों को पुलिस ने शव सौंप दिया. शव लेकर रिश्तेदार घर चले गये. मृतक के पिता ने शिकायत में मौत के पीछे किसी काे दोषी नहीं बताया है. पोस्टमार्टम के दौरान बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है. थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर यूडी केस दर्ज किया गया है. इधर, प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर विधायक ढुलू महतो के समर्थकों ने अंबे कंपनी का चक्का जाम कर दिया. उससे दिनभर उत्खनन एवं कोयले की ट्रांसपोर्टिंग बाधित रही. दोपहर दो बजे बाघमारा पुलिस एवं सीआइएसएफ की क्यूआरटी पहुंची. पुलिस ने समझा-बुझाकर चक्का जाम हटाने का आग्रह किया. लेकिन समर्थकों ने नहीं माना. उनका कहना है कि मृतक परिजनों ने विधायक ढुलू महतो के पास मुआवजा दिलाने को लेकर गुहार लगायी है. मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा. इधर, कंपनी के पीओ शंभु पासवान का कहना है कि रविवार की देर शाम को ही थाना में पुलिस द्वारा परिजनों को शव सौंपने के दौरान मृतक के पिता के हाथों बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया है. इसके बावजूद विधायक समर्थकों द्वारा नाजायज तरीके से कंपनी का काम बंद कर दिया गया है. इससे उत्पादन व ट्रांसपोर्टिंग प्रभावित है. समाचार लिखे जाने तक किसी तरह की वार्ता नहीं होने पर चक्का जाम जारी था. मौके पर मनोज सिंह, सुभाष राय, सुधीर पांडेय, गोपाल सिंह, टिंकू लाला, सत्येंद्र पांडेय, अरविंद सिंह आदि समर्थक मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।