Dhanbad News: राजगंज में गुरुवार की शाम से देर रात तक अलग-अलग चार सड़क दुर्घटनाओं में दो वाहन चालकों की मौत हो गयी. वहीं बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गये. रात करीब 10 बजे राजगंज-कतरास रोड पर गोविंदम मील के पास 407 वाहन (जेएच 10 इ 1801) के चालक राजगंज निवासी सहदेव अड्डी को बाइक (जेएच 10 बीसी 9264) पर सवार अमित चंद्रवंशी ने धक्का दे दिया. इससे दोनों जख्मी हो गये. पुलिस एंबुलेंस से दोनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा, जहां शुक्रवार की सुबह सहदेव अड्डी की मौत हो गयी. सहदेव 407 वाहन में गोविंदपुर से लोहे का सामान लेकर कतरास जा रहा था. धावाचिता के आगे वाहन रोक कर सड़क पार कर रहा था, तभी बाइक ने उसे धक्का मार दिया. रात में एसएनएमएमसीएच में सूई-दवा देने के बाद चिकित्सकों ने उसे छोड़ दिया. सुबह अचानक उसकी स्थिति खराब हो गयी और उसकी मौत हो गयी. राजगंज पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद उसके परिजनों का बुरा हाल है. वह घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था.
डोमनपुर पंप के पास देर रात हुई घटना
रात करीब एक बजे के करीब डोमनपुर गोल्डेन पंप के पास पाइप लेकर कोलकाता से बिहार जा रहे ट्रक (डब्ल्यूबी 59 बी 4089) ने आगे जा रहे ट्रेलर (आरजे 02 जीबी 8232) को जोरदार टक्कर मार दी. घटना में पश्चिम बंगाल के कुल्टी, नियामतपुर निवासी ट्रक चालक अशफाक खान (42) की मौत हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार हुई कि ट्रक का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया. चालक केबिन में फंस गया. इससे उसका शव विभत्स हो गया था. ट्रक में सो रहे खलासी सरफराज अंसारी (25) को खरोंच तक नहीं आयी. ट्रेलर चालक राजगंज के मैराकुल्ही ओवरब्रिज के नीचे गाड़ी खड़ा कर फरार हो गये.
तीसरी घटना :
इसके पूर्व राजगंज-चुंगी रोड पर मैजिक और बाइक में टक्कर होने पर तीन युवक घायल हो गये. वहीं दलुडीह के समीप दो बाइक की टक्कर होने से दोनों के सवार जख्मी हो गये.परिजनों का आरोप- अस्पताल में ठीक से इलाज होता, तो बच सकती थी सहदेव की जान
इधर, मृतक सहदेव अड्डी के परिजन जयदेव अड्डी व बादल अड्डी ने आरोप लगाया कि रात में एसएनएमएमसीएच में सहदेव का ठीक से इलाज नहीं हुआ. मामूली उपचार कर उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया. अगर ठीक से उसका इलाज होता, तो उसकी जान बच सकती थी.कंपनी मालिक ने सहदेव के परिजनों को दिये डेढ़ लाख रुपये
सहदेव अड्डी जिस कंपनी में वाहन चलाता था, उसके मालिक ने मानवता के नाते डेढ़ लाख रुपये उसके परिजनों को दिया है. थानेदार अलिशा कुमारी के प्रयास से पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा व्यास राय, अजय दे, मो जाकिर की मौजूदगी ने पचास हजार रुपये दिये. बाकी एक लाख शनिवार को देने की बात कही.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
