धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर इलाके में चोरी की एक बड़ी घटना घटी है. यहां ज्ञान मुखर्जी रोड स्थित बर्तन व्यवसायी विश्वजीत साव के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ की संपत्ति चुरा ली है. इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. इस संबंध में श्री साव ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत की है.
रिश्तेदार की शादी में मुंगेर गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, विश्वजीत साव अपने परिवार के साथ 21 अप्रैल को रिश्तेदार की शादी में शामिल होने बिहार के मुंगेर गये हुए थे. इसी दौरान उनका मकान लगातार तीन दिनों तक बंद रहा. इसका फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और घर में रखे साढ़े नौ लाख लाख रुपये नकद व पुस्तैनी गहने चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि चोरी हुए गहनों में वे बहुमूल्य आभूषण भी शामिल हैं, जो परिवार को उनके दादा-दादी से विरासत में मिले थे. तीन दिन बाद जब उनका परिवार घर लौटा, तो दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गये. घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त था. वहीं अलमारी से गहने व नकद राशि गायब थी. विश्वजीत साव घटना की सूचना तुरंत धनबाद थाना को दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
चोरी गये सामान :
विश्वजीत साव की ओर से पुलिस को दी गयी लिखित शिकायत में चोरी गये सामान क्या का ब्योरा दिया गया है. इनमें साढ़े नौ लाख रुपये नगद, सोने की तीन चेन, सोने का तीन हार, सोने का दो सीता हार, सोने के कंगन चार पीस, सोने के झुमके तीन जोड़ी, सोने की बाली चार पीस, सोने की अंगूठी 12 पीस, चांदी के सिक्के 80 पीस, चांदी डेढ़ किलो व चांदी का अन्य जेवर शामिल हैं.