गोसाईंडीह के पास पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान शनिवार को जेबीवीएनएल का 33 केवीए मेनलाइन केबल क्षतिग्रस्त हो गया. इससे बगुला सबस्टेशन से गोसाईंडीह होते हुए कुसुम विहार तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. दोपहर करीब 12 बजे केबल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया. वही शाम लगभग सात बजे नया केबल जोड़कर कुसुम विहार सबस्टेशन की बिजली आपूर्ति बहाल की गई. इस दौरान उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली संकट झेलना पड़ा.
ओवरलोड से कई इलाकों में जले ट्रांसफॉर्मर
इधर, शहर के विभिन्न इलाकों में ओवरलोड की समस्या लगातार जारी है. शनिवार को सूर्य विहार कॉलोनी, कोलाकुसमा मोड़, पुराना बाजार समेत कई क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर खराब हो गये. अचानक बढ़े लोड के कारण उपकरणों पर दबाव बढ़ा है और वे जवाब दे रहे हैं. इससे इन इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. सूचना मिलने के बाद जेबीवीएनएल की टीम मौके पर पहुंची. देर रात तक ट्रांसफॉर्मर बदलने का काम जारी रहा.
इधर, आधे शहर में छह घंटे गुल रही बिजली
डीवीसी की कटौती से शनिवार को आधे शहर में बिजली सेवा प्रभावित रही. डीवीसी के दो पावर ट्रांसफॉर्मरों में आयी तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने के लिए जेबीवीएनएल को होने वाली सप्लाई छह घंटे बंद रही. सुबह नौ बजे डीवीसी ने अपने पुटकी ग्रिड से जेबीवीएनएल के गोधर सबस्टेशन को होने वाली सप्लाई बंद कर दी. इससे बैंकमोड़ से लेकर पुराना बाजार, मनईटांड़, जोड़ाफाटक, मटकुरिया, गोधर से लेकर केंदुआ और करकेंद तक के इलाकों में बिजली गुल हो गयी. हालांकि, कांड्रा ग्रिड से बिजली लेकर रोटेशन पर प्रभावित इलाकों में बिजली सप्लाई की गयी. वहीं अपराह्न लगभग तीन बजे डीवीसी की ओर से जेबीवीएनएल को बिजली आपूर्ति शुरू की गयी.