पुटकी. कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले भाजपा विधायक राज सिन्हा का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को स्थगित हो गया. धरनास्थल पर प्रशासन की ओर से पुटकी सीओ विकास आनंद ने पहुंचकर विधायक श्री सिन्हा को उपायुक्त का आधिकारिक पत्र सौंपा. पत्र के अनुसार दो मई को समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस) की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भू-धंसान क्षेत्र के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर वैज्ञानिक समाधान की दिशा तय की जाएगी. बैठक में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, प्रभावित क्षेत्र के प्रतिनिधि, बीसीसीएल के सीएमडी व वरीय पदाधिकारी, उपायुक्त, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित सभी संबंधित अधिकारी शामिल होंगे. स्थायी समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष : राज सिन्हा जनहित को प्राथमिकता देते हुए विधायक राज सिन्हा ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और आगामी बैठक तक धरना कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की. साथ ही विधायक ने केंदुआडीह क्षेत्र की जनता, व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आंदोलन को समर्थन देने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह संघर्ष आम जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा है और स्थायी समाधान तक जारी रहेगा केंदुआडीह सड़क बंद होने से व्यापार व जनजीवन प्रभावित शनिवार को चेंबर के आह्वान पर केंदुआ पुल, छाताटांड़, केंदुआ बाजार, लोयाबाद, पुटकी चेंबर, धनबाद जिला थोक वस्त्र विक्रेता संघ व मोटर डीलर एसोसिएशन ने समर्थन में बंद का आयोजन किया. क्षेत्र की छिटपुट दुकानों को छोड़ अधिकांश दुकानदारों ने अपनी प्रतिष्ठान बंद कर धरनास्थल में शामिल हुए. धरना में धनबाद जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चेतन प्रकाश गोयनका, महासचिव अजय नारायण लाल, पूर्व बियाडा चेयरमैन विजय झा, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, विकास कांधवे, मोटर डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशल सिंह, विभिन्न चेंबर के पदाधिकारी व कई सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हुए. श्री गोयनका ने कहा कि केंदुआडीह सड़क बंद होने से व्यापार और जनजीवन प्रभावित है. आंदोलन के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं : सिद्धार्थ गौतम वहीं जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया. उनके साथ उनकी पत्नी मिनी सिद्धार्थ गौतम भी मौजूद थी. श्री गौतम ने कहा कि मजदूर, व्यापारी और आम जनता एकजुट हैं, जो समस्या की गंभीरता को दर्शाता है. हम इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़े हैं.
Dhanbad News : विधायक के धरने के समर्थन में अधिकांश दुकानें रहीं बंद
Dhanbad News : पुटकी सीओ ने दो मई को आहूत बैठक के लिए किया आमंत्रित, धरना स्थगित.
