Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम में खुलेगा जिले का पहला जेन जी पोस्ट ऑफिस
Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने और उन्हें आधुनिक, डिजिटल व आकर्षक माहौल देने की दिशा में इंडिया पोस्ट ने बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत धनबाद स्थित आइआइटी आइएसएम धनबाद में जिले का पहला ‘जेन जी पोस्ट ऑफिस’ खोला जा रहा है, जिसका उद्घाटन 30 मार्च को होगा. यह पोस्ट ऑफिस पारंपरिक डाकघर से अलग एक आधुनिक‘पोस्ट कैफे’ के रूप में विकसित किया गया है. बता दें कि आइआइटी आइएसएम में पहले से मौजूद उपडाकघर को जेन जी डाकघर में तब्दील किया जा रहा है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पोस्ट कैफे :
यह जेन जी पोस्ट ऑफिस पूरी तरह डिजिटल और युवा केंद्रित होगा. यहां फ्री वाई-फाई, कैफे, मिनी लाइब्रेरी, आरामदायक बैठने की व्यवस्था और डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध होगी. छात्र यहां पढ़ाई के साथ-साथ ऑनलाइन कार्य भी आसानी से कर सकेंगे. इसके अलावा स्पीड पोस्ट, पार्सल और ई-कॉमर्स सेवाएं भी आधुनिक तकनीक के साथ दी जायेंगी.
बीआइटी मेसरा व आइआइएम रांची के बाद झारखंड में बढ़ेगा नेटवर्क :
डाक विभाग ऐसे हाईटेक पोस्ट ऑफिस देश भर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में खो रहा है. झारखंड में इससे पहले आइआइएम रांची परिसर में पहला जेन जी पोस्ट ऑफिस शुरू किया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में बीआइटी मेसरा में भी इसे खोलने की तैयारी है. आइआइटी धनबाद में शुरुआत के साथ राज्य में इस तरह के आधुनिक डाकघरों का तीव्र गति से विस्तार होगा.
छात्रों के लिए फ्री वाई-फाई, कैफे, डिजिटल सेवाएं :
यह पहल सिर्फ डाक सेवाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए एक ‘अनुभव केंद्र” के रूप में काम करेगी. यहां क्यूआर कोड आधारित सेवाएं, डिजिटल ट्रांजैक्शन और स्मार्ट पार्सल सिस्टम जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे हजारों छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को लाभ मिलेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.