Dhanbad News: तीन दिनों से लापता लोडिंग मुंशी का मिला शव, हत्या की आशंका

Dhanbad News: परिजनों ने मुआवजे को लेकर शव भट्टा गेट पर रख दिया धरना, पांच लाख मुआवजे पर बनी सहमति

Dhanbad News: परिजनों ने मुआवजे को लेकर शव भट्टा गेट पर रख दिया धरना, पांच लाख मुआवजे पर बनी सहमति

Dhanbad News: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे गुरुवार की सुबह हार्डकोक भट्ठा के लोडिंग मुंशी सुबोध कुमार सिन्हा (45) का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. झरिया के भगतडीह, परसाटांड़ निवासी सुबोध कुमार सिन्हा पिछले तीन दिनों से गायब था. सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पुलिया के नीचे देख पुलिस को सूचना दी. इसके बाद गोविंदपुर इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत दलबल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लाकर ब्लैक डायमंड हार्डकोक भट्ठा के गेट पर रख दिया और धरना पर बैठ गये. परिजन आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. बाद में पांच लाख रुपये मुआवजा पर सहमति बनी. इसके बाद परिजन शव लेकर अपने घर चले गये. मृतक सुबोध कोयला सप्लायर युगल किशोर अग्रवाल के लिए विभिन्न हार्डकोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराता था.

22 दिसंबर की सुबह घर से निकला था सुबोध

परिजनों ने सुबोध की हत्या की आशंका जतायी है. सुबोध के घर में उसकी पत्नी बबीता देवी तथा दो बेटियां ईशा कुमारी (18) तथा कशिश (17) है. घटना के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, सुबोध 22 दिसंबर की सुबह करीब सात बजे घर से निकला था. वह गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गया था. लोडिंग कार्य समाप्त होने के बाद शाम करीब पांच बजे गाड़ी का कागजात देने की बात कह कर वह भट्ठा से बाहर निकला था. भट्ठा से कुछ ही दूरी पर स्थित एक साइबर कैफे में वह वे बिल का प्रिंटआउट निकालने गया था. इसी दौरान शाम 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से अंतिम बार मोबाइल पर बात हुई. इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया.

पत्नी ने गोविंदपुर थाना में की थी गुमशुदगी की शिकायत

उसकी पत्नी बबीता देवी ने गोविंदपुर थाना में सुबोध की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी. मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या की आशंका जतायी है. मृतक का बायां पैर टूटा हुआ था. सिर में चोट के निशान थे. सुबोध काफी दिनों से ट्रांसपोर्टर युगल किशोर अग्रवाल के लिए विभिन्न भट्ठा में लोडिंग का काम कराता था. ब्लैक डायमंड हार्डकोक भट्ठा के मालिक रामेश्वर अग्रवाल ने परिजनों से कहा कि सुबोध सिन्हा उनका कर्मचारी नहीं था. वह ट्रांसपोर्टर के लिए विभिन्न भट्ठा में लोडिंग का काम करवाता था. इसके बाद भी मृतक के प्रति सहानुभूति पूर्वक पांच लाख रुपये आर्थिक मदद की. इस संबंध में गोविंदपुर इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट : सिर में अंदरुनी चोट लगने से हुई सुबोध की मौत

धनबाद. सुबोध कुमार सिन्हा की मौत सिर में अंदरुनी चोट लगने से हुई है. उसका पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार सिर में चाेट के निशान मिले हैं. वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान पाये गये हैं. चिकित्सकाें ने आगे की जांच के लिए विसरा प्रिजर्व किया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >