Dhanbad News: शत-प्रतिशत रिजल्ट देने वाले स्कूलों के शिक्षक होंगे सम्मानित

Dhanbad News: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव ने की समीक्षा बैठक

Dhanbad News: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तथा पीएमश्री विद्यालयों में बजटीय गतिविधियों के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक एवं कनीय अभियंता, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रधानाचार्य व विद्यालय प्रबंधक ऑनलाइन जुड़े.

एक भी बच्चा नहीं हो फेल

सचिव उमाशंकर सिंह ने सीबीएसइ बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की गहन समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों की परीक्षा तैयारी पूर्ण आत्मविश्वास के साथ करायें. उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि एक भी बच्चा बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण नहीं हो. इसके लिए सभी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में निरंतर और प्रभावी रेमिडियल कक्षाएं संचालित की जायें. उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, उनके प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जायेगा. सचिव ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी सीबीएसइ के निर्धारित मानदंडों के अनुरूप होनी चाहिए. इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. 17 फरवरी से पहले सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का कोई भी शिक्षक गैर-शैक्षणिक कार्यों में संलग्न नहीं होंगे.

पीएमश्री विद्यालयों का भ्रमण करेगी टीम

बैठक में सचिव ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राज्य के 363 पीएमश्री विद्यालयों की संतृप्ति के लिए निर्धारित 21 संकेतकों का अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करें. एक सप्ताह के भीतर राज्यस्तरीय टीम पीएमश्री विद्यालयों का भ्रमण करेगी. श्री सिंह ने बताया कि फरवरी के अंतिम सप्ताह अथवा मार्च में केंद्रीय टीम द्वारा पीएमश्री विद्यालयों का निरीक्षण प्रस्तावित है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा पीएमश्री विद्यालयों में संचालित 181 गतिविधियों के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रधानाचार्यों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. निर्देश दिया कि 28 फरवरी तक 21 संकेतकों के अनुपालन में न्यूनतम 75 प्रतिशत से अधिक स्कोर सुनिश्चित करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >