Dhanbad News: एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, धनबाद की छात्राओं ने राज्य स्तरीय नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन करते हुए नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया. रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया. उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया.
नशा मुक्ति का दिया प्रभावी संदेश
बीएड सेमेस्टर-दो एवं सेमेस्टर-तीन की छात्राओं डेजी, पूर्णिमा, मौसमी, पूजा, स्नेहा सिंह, वर्षा, वहीदा, रश्मि और नीतू मुर्मू ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया. उनकी प्रस्तुति को निर्णायकों और दर्शकों ने खूब सराहा.
प्राचार्या ने दी छात्राओं को बधाई
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी ने इस उपलब्धि पर छात्राओं और टीम का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राएं भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगी.
