Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच : रेडियोलॉजी विभाग में आज से ग्लॉसी पेपर पर निकलेगी एक्स-रे इमेज

एसएनएमएमसीएच के रेडियोलॉजी विभाग में बुधवार से एक्स-रे सेवा फिर शुरू होगी. यहां एक्स-रे प्लेट समाप्त होने के कारण छह दिन से सरकारी एक्स-रे सेवा बंद थी. अब प्रबंधन ने ग्लोसी पेपर पर एक्स-रे इमेज निकालने का निर्णय लिया है.

धनबाद.

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) के रेडियोलॉजी विभाग में बुधवार से एक्स-रे सेवा फिर से शुरू होगी. एक्स-रे प्लेट व फिल्म का स्टॉक समाप्त होने के कारण यहां पिछले छह दिन से सरकारी एक्स-रे सेवा बंद थी. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एसएनएमएमसीएच प्रबंधन ने बुधवार से ग्लोसी पेपर पर एक्स-रे इमेज निकालने का निर्णय लिया है. मंगलवार को इसका सफल ट्रायल किया गया. अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बुधवार से सरकारी केंद्र में एक्स-रे सेवा शुरू करने की बात कही है. अधीक्षक के अनुसार प्लेट व फिल्म की खरीदारी के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है. खरीदारी प्रक्रिया पूरी होने तक ग्लोसी पेपर पर मरीजों की एक्स-रे इमेज निकाल कर दी जायेगी.

एसएनएमएमसीएच में पहली बार होगा अनूठा प्रयोग

ग्लोसी पेपर में एक्स-रे इमेज निकालने का यह अनूठा प्रयोग एसएनएमएमसीएच में पहली बार होगा. इससे पहले एक्स-रे कराने वाले मरीजों को फिल्म में इमेज प्रदान की जाती थी. अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बताया कि ग्लोसी पेपर पर एक्स-रे इमेज निकालने का सफल ट्रायल और विभिन्न विभागों के चिकित्सकों की सलाह पर नयी व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया गया है.

एक्स-रे के लिए मरीजों को चुकाने पड़ रहे हैं ज्यादा पैसे

सरकारी केंद्र में एक्स-रे सेवा बंद रहने से मरीजों को पीपीपी मोड पर संचालित मणिपाल हेल्थ मैप के केंद्र में ज्यादा पैसे चुका कर एक्स-रे कराना पड़ रहा था. अब नई व्यवस्था के तहत सरकारी केंद्र में एक्स-रे शुरू होने से मरीजों को अधिक राशि नहीं चुकानी होगी. वही इंडोर के मरीजों को नि:शुल्क एक्स-रे सेवा मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >