धनबाद. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गयी है. मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने वर्तमान 19 पीजी सीटों को बढ़ाकर 44 करने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) को प्रस्ताव भेजा है. इसी बीच एनएमसी की ओर से कॉलेज का भौतिक निरीक्षण कभी भी किये जाने की संभावना जतायी जा रही है. संभावित निरीक्षण को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन विभिन्न विभागों में आवश्यक सुधार और संसाधनों की व्यवस्था में जुट गया है.
एआइ आधारित मूल्यांकन के बाद बढ़ी तैयारी
सूत्रों के अनुसार, हाल में एआइ आधारित मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान मेडिकल कॉलेज की ओर से उपलब्ध करायी गयी सूचनाओं और वास्तविक सुविधाओं के बीच कुछ कमियां चिन्हित हुई थीं. इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने आवश्यक सुधार कार्य शुरू कर दिये हैं. हालांकि कमियों की प्रकृति और संख्या को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गयी है.
ये भी पढ़ें: झारखंड समेत 9 राज्यों में 25 नए कोयला ब्लॉक की नीलामी शुरू, जानें आपकी नौकरी और निवेश पर क्या पड़ेगा असर
एनएमसी के मानकों के अनुरूप संस्थान की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है ताकि संभावित भौतिक निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें.
इमरजेंसी, ओटी और क्लासरूम में सुधार कार्य
कॉलेज और अस्पताल परिसर में विभिन्न स्तरों पर सुधार कार्य किये जा रहे हैं. इमरजेंसी सेवाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विभिन्न विभागों के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. अस्पताल में नयी मशीनें और उपकरण भी स्थापित किये जा रहे हैं.
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के क्लासरूम और शैक्षणिक सुविधाओं को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है. अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की जा रही है.
मौजूदा विभागों में सीट वृद्धि का प्रस्ताव
एसएनएमएमसीएच में वर्तमान में सर्जरी में चार, ऑर्थोपेडिक्स में तीन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (गायनी) में चार तथा मेडिसिन में छह पीजी सीटें स्वीकृत हैं. इस प्रकार कुल 19 सीटों पर पीजी की पढ़ाई संचालित हो रही है.
कॉलेज प्रबंधन ने मौजूदा विभागों में नौ अतिरिक्त सीटों की मांग की है. प्रस्ताव के तहत ऑर्थोपेडिक्स में तीन और गायनी में दो सीटें बढ़ाने का आवेदन किया गया है. अन्य विभागों में भी सीट वृद्धि का प्रस्ताव शामिल है.
चार नये विभागों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना
मेडिकल कॉलेज ने चार नये विभागों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भी एनएमसी से अनुमति मांगी है. प्रस्ताव के अनुसार एनेस्थीसिया में पांच, नेत्र रोग विभाग में दो, पैथोलॉजी में चार और शिशु रोग विभाग (पेडियाट्रिक्स) में पांच सीटों की मांग की गयी है.
इन नये विभागों में कुल 16 सीटों का प्रस्ताव है. मौजूदा विभागों में प्रस्तावित नौ अतिरिक्त सीटों और नये विभागों की 16 सीटों को मिलाकर कुल 25 अतिरिक्त पीजी सीटों के लिए आवेदन किया गया है.
यदि एनएमसी से स्वीकृति मिलती है, तो एसएनएमएमसीएच में पीजी सीटों की कुल संख्या 19 से बढ़कर 44 हो जायेगी. इससे मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की क्षमता बढ़ने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण के अवसर भी विस्तारित होंगे.
ये भी पढ़ें: Dhanbad Driving Licence: 25 सितंबर तक नहीं होगी लर्नर लाइसेंस की स्लॉट बुकिंग
