Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच में नये ओपीडी ब्लॉक के निर्माण को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

24.94 करोड़ रुपये की लागत से होगा सुविधाओं में विस्तार, मौजूदा ओपीडी न्यू पीजी ब्लॉक में होगा शिफ्ट

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में संचालित वर्तमान ओपीडी को शिफ्ट करने के लिए न्यू पीजी ब्लॉक के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है. स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने बुधवार को प्रस्तावित नये ओपीडी ब्लॉक को शिफ्ट करने की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस योजना पर कुल 24 करोड़ 94 लाख 55 हजार 347 रुपये खर्च किये जायेंगे. स्वीकृति संबंधित आदेश स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है.

योजना को पहले ही प्राप्त है तकनीकी अनुमोदन

इस योजना के लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (जेएसबीसीसीएल) की ओर से पहले ही तकनीकी अनुमोदन दिया जा चुका है. निगम के महाप्रबंधक (योजना एवं निरूपण) के अनुसार योजना की अनुमानित लागत 24.94 करोड़ रुपये निर्धारित की गयी है. प्राक्कलन जेएसआर-2022 और डीएसआर-2023 के आधार पर तैयार किया गया है.

खुली निविदा से होगा निर्माण कार्य

नए ओपीडी ब्लॉक का निर्माण कार्य झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची के माध्यम से कराया जायेगा. इसके लिए नियमानुसार खुली निविदा प्रक्रिया अपनायी जायेगी. इसमें सभी वित्तीय और तकनीकी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जायेगा.

नये ओपीडी ब्लॉक में किस मद में कितना होगा खर्च

– न्यू ओपीडी ब्लॉक (पीजी-1, G 5) : लगभग 3.25 करोड़ रुपये

– न्यू ओपीडी ब्लॉक (पीजी टू-II, G 3) : लगभग 2.60 करोड़ रुपये

– न्यू ओपीडी ब्लॉक (पीजी-थ्री, G 4) : लगभग 1.66 करोड़ रुपये- रैंप सुविधा का निर्माण : करीब 2.49 करोड़ रुपये.

– इलेक्ट्रिकल वर्क : 3.21 करोड़ रुपये.

इसके अलावा प्लंबिंग, फायर फाइटिंग और एचवीएसी कार्य, माइनर ऑपरेशन थिएटर, मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम, हॉस्पिटल फर्नीचर, कर्टेन व फोर हैंगर सिस्टम, सीएसएसडी, साइनजे्स, लॉन्ड्री उपकरण, हॉर्टिकल्चर और आर्ट वर्क भी होंगे.

तीन माह में काम पूरा करने का निर्देश

सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस योजना का कार्यान्वयन तीन माह के भीतर पूरा करना. यह भी कहा गया है कि स्वीकृत लागत में किसी भी प्रकार की वृद्धि स्वीकार्य नहीं होगी. कार्य तकनीकी स्वीकृति प्राप्त प्राक्कलन के अनुसार ही किया जायेगा.

मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

नए ओपीडी ब्लॉक के निर्माण से धनबाद समेत आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या को बेहतर ढंग से संभाला जा सकेगा. इससे ओपीडी सेवाएं अधिक सुलभ, सुव्यवस्थित और आधुनिक होंगी. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह योजना धनबाद समेत कोयलांचल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नयी मजबूती देगी और मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक व चिकित्सीय क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >