Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच में शव देख भड़के परिजनों ने गार्ड को पीटा, डॉक्टरों से धक्का-मुक्की

Dhanbad News: निरसा के तेतुलिया में बाइक सवारों को वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

Dhanbad News: वरीय संवाददाता, धनबाद.

निरसा के तेतुलिया में नेशनल हाइवे पर शुक्रवार की रात सड़क दुर्घटना में टिकियापाड़ा डुमरियाटांड़ निवासी 28 वर्षीय कुर्बान अंसारी की मौत हो गयी, जबकि पुराना बाजार का आदिल (27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जाता है कि दुर्घटना के तुरंत बाद निरसा पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायलों को एसएनएमएमसीएच भेजा. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने कुर्बान को मृत घोषित कर दिया. वहीं आदिल का इलाज चल रहा है.

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुराना बाजार और टिकियापाड़ा डुमरियाटांड़ से परिजन और बड़ी संख्या में युवक एसएनएमएमसीएच पहुंच गये. लोगों ने माइनर ओटी में प्रवेश करना चाहा, तो सुरक्षा में तैनात गार्ड ने उन्हें रोक दिया. इस पर आक्रोशित लोगों ने गार्ड को पीट दिया. वहीं, इमरजेंसी के चिकित्सकों के साथ धक्का-मुक्की की. मामला बढ़ते देख सुरक्षा में तैनात जवानों ने हूटर बजा दिया. हूटर बजते ही अस्पताल परिसर के बैरक में रहनेवाले अन्य होमगार्ड वहां पहुंच गये. जवानों ने हंगामा करने वालों को खदेड़ कर इमरजेंसी के बाहर कर दिया. सूचना मिलने पर सरायढेला पुलिस वहां पहुंची और लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया.

पिकनिक मनाकर मैथन से लौट रहे थे कुर्बान अंसारी व आदिल :

कुर्बान और आदिल अपने दोस्तों के साथ बाइक से पिकनिक मनाने मैथन गये थे. वे पिकनिक मनाकर लौट रहे थे, इसी दौरान तेतुलिया के समीप अज्ञात वाहन के धक्के से दोनाें गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइक समेत गिर गये. इस दौरान पीछे से आ रहे दूसरे वाहन ने कुर्बान को कुचल दिया. उसके सिर में गंभीर चोट आयी. कुर्बान का शव एसएनएमएमसीएच की मोर्चरी में रखा गया है. शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा.

ऑटो चलाता था कुर्बान, आदिल की है कपड़े की दुकान :

एसएनएमएमसीएच पहुंचे पुराना बाजार व डुमरियाटांड़ के लोगों ने बताया कि कुर्बान अंसारी ऑटो चलाता था. वह घर का इकलौता कमाने वाला था. उम्र अधिक हो जाने से पिता कोई काम नहीं करते हैं. वहीं आदिल की पुराना बाजार के स्टेशन रोड में कपड़े की दुकान है. एसएनएमएमसीएच पहुंचे कुर्बान के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. कुर्बान और आदिल के साथ अन्य युवक भी दूसरी बाइक से पिकनिक मनाने गये थे. निरसा पुलिस युवकों की पहचान में जुटी है. बाइक जब्त कर ली गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >