Dhanbad News: बिजली बिल को लेकर हजारों उपभोक्ता परेशानDhanbad News: प्रीपेड मीटर का उपयोग करने वाले हजारों उपभोक्ताओं को अचानक पहले का बकाया बिल भेजने से हड़कंप मच गया है. उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले माह तक समय पर बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे थे. इसके बावजूद उन्हें पुराना बकाया बिल थमा दिया गया है. इससे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं. बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार जब उपभोक्ताओं को पोस्टपेड मीटर से प्रीपेड मीटर में तब्दील किया गया था, उस समय पोस्टपेड मीटर का बकाया बिल नहीं वसूला गया था. अब पुराना बकाया इस माह के प्रीपेड बिल में जोड़कर उपभोक्ताओं को भेजा गया है. विभाग का तर्क है कि यह बकाया पहले से ही उपभोक्ताओं पर देय था, जिसे अब समायोजित किया गया है.
बिना सूचना के बकाया जोड़ने का आरोप
उपभोक्ताओं का आरोप है कि प्रीपेड मीटर लगाने के समय उन्हें यह जानकारी नहीं दी गयी थी कि उनके पोस्टपेड कनेक्शन पर कोई बकाया है. प्रीपेड सिस्टम में उपभोक्ता पहले ही भुगतान कर बिजली का उपयोग करते हैं. ऐसे में अचानक बकाया बिल भेजना अनुचित है. उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि उस समय उन्हें बकाये की जानकारी दी जाती, तो तत्काल उसका भुगतान कर देते. कुछ उपभोक्ताओं को तो एकमुश्त बड़ी राशि जमा करने का नोटिस मिला है, जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त है.इसको लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश है. कई इलाकों में उपभोक्ता विभाग के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी कर रहे हैं. उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता क्यों भुगते.
