झरिया. सुदामडीह थाना क्षेत्र में आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद से फरार तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस की विशेष टीम बिहार के भोजपुर जिला समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को आशंका है कि मुख्य आरोपितों में शामिल दयाशंकर यादव अपने पैतृक गांव भोजपुर जिले के नथमलपुर में छिपा हो सकता है. पुलिस टीम अन्य दोनों आरोपितों रंजन साव व अजान अंसारी की भी तलाश में जुटी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके संभावित ठिकानों के बारे में सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. हालांकि पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है.
धनबाद स्टेशन से पकड़ा गया था मुख्य आरोपी संजू रवानी
इधर, मामले में पकड़े गये आरोपित संजू रवानी को बाल सुधार केंद्र भेजा जा चुका है. घटना के बाद भागने के प्रयास के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को उसे पुलिस टीम ने धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर से दबोच लिया था. उसके पास से बाइक भी बरामद की थी.
