वासेपुर के भगोड़ों पर पुलिस का शिकंजा, गोपी और ऋतिक के खिलाफ LOC जारी

धनबाद पुलिस ने वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है. दोनों दुबई में छिपे हुए हैं और भारत में प्रवेश करते ही हिरासत में लिए जा सकते हैं.

वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान पर धनबाद पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है. दोनों लंबे समय से दुबई में रह रहे हैं. अब अगर वे भारत के किसी भी एयरपोर्ट पर पहुंचते हैं, तो इमिग्रेशन जांच के दौरान उनकी पहचान होते ही उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है.

पुलिस के मुताबिक, विदेश में रहने के बावजूद गोपी और ऋतिक पर धनबाद समेत कई जिलों में धमकी, रंगदारी और फायरिंग जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं. धनबाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ LOC जारी कराने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को पत्र भेजा था. इसके बाद ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से दोनों के खिलाफ LOC जारी किया गया.

नन्हें हत्याकांड के बाद दुबई भागे थे दोनों

पुलिस के अनुसार, नया बाजार निवासी नन्हें हत्याकांड के बाद गोपी खान और ऋतिक खान भी प्रिंस खान के साथ धनबाद से फरार होकर दुबई चले गये थे. इसके बाद विदेश से ही लोगों को धमकी देने, रंगदारी मांगने और व्यवसायियों पर फायरिंग कराने जैसी घटनाओं में उनकी कथित भूमिका सामने आती रही.

ऋतिक खान की फाइल फोटो


पुलिस अब इन मामलों में दोनों की भूमिका और विदेश से संचालित कथित आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है.

गोपी पर 40 से ज्यादा, ऋतिक पर 25 से अधिक केस

धनबाद पुलिस के अनुसार, गोपी खान के खिलाफ 40 से अधिक मामले दर्ज हैं. वहीं, ऋतिक खान के खिलाफ भी 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. दोनों लंबे समय से फरार हैं.

गोपी खान की फाइल फोटो

पुलिस का मानना है कि LOC जारी होने के बाद दोनों के भारत लौटने की स्थिति में उन्हें पकड़ना आसान होगा. इससे पहले प्रिंस खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है.

अब रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी

धनबाद पुलिस ने गोपी खान और ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए नयी दिल्ली स्थित सीबीआई कार्यालय में आवेदन दिया है. पुलिस दोनों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है.

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा, वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पहले से ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी है. अब उसके भाई गोपी खान और ऋतिक खान के खिलाफ LOC जारी कर दिया गया है. दोनों के खिलाफ जल्द ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार. फोटो: प्रभात खबर

प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी, दूसरे दिन भी धनबाद में रही NIA टीम

इधर, वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की दिशा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई भी तेज हो गयी है. इसी सिलसिले में NIA की टीम शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन धनबाद में मौजूद रही.

टीम ने जिले के कई थानों का दौरा कर प्रिंस खान से जुड़े मामलों, उसकी आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क से संबंधित जानकारी जुटायी. सूत्रों के अनुसार, NIA अधिकारियों ने उसके खिलाफ दर्ज मामलों और उससे जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी ली.

प्रिंस के नेटवर्क और संपर्कों की जांच

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि प्रिंस खान का कथित आपराधिक नेटवर्क किस तरह संचालित होता है और इसमें कौन-कौन लोग जुड़े हैं. उसके विदेश में छिपे होने और संदिग्ध संपर्कों से जुड़ी सूचनाओं की भी जांच की जा रही है.

पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की लगातार कार्रवाई के बीच प्रिंस खान के करीबियों और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों पर भी जांच का शिकंजा कसता जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj ambasta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >