साधोबाद में ईंट भट्ठे के पीछे चल रहा था बड़ा खेल, पुलिस की छापेमारी में मिला यह सामान

बरवाअड्डा पुलिस ने साधोबाद गांव में छापेमारी कर एक बड़े नकली शराब तैयार करने वाले ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। झाड़ियों और ईंट भट्ठे के पास बने पंडाल से भारी मात्रा में नकली शराब और पैकिंग सामग्री जब्त की गई है।

धनबाद. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के साधोबाद गांव में पुलिस ने छापेमारी कर कथित नकली शराब तैयार करने के ठिकाने का खुलासा किया है. पुलिस ने झाड़ियों और ईंट भट्ठे के समीप बनाये गये पंडाल से भारी मात्रा में संदिग्ध नकली शराब और शराब की पैकिंग से जुड़ी सामग्री जब्त की है. पुलिस के अनुसार, यहां विभिन्न ब्रांड के नाम पर शराब की पैकिंग कर झारखंड के अलग-अलग जिलों के अलावा बिहार भेजे जाने की सूचना मिली थी. कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कारोबारी भाग निकले.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साधोबाद में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर बरवाअड्डा पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी की. तलाशी के दौरान पंडाल में शराब से संबंधित सामग्री मिली, जिसे पुलिस जब्त कर थाने ले गयी.

ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर और खाली बोतलें बरामद

पुलिस के अनुसार, मौके से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाले स्टीकर, ड्रम और बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें बरामद की गयी हैं. इसके अलावा शराब की पैकिंग से संबंधित अन्य सामग्री भी मिलने की बात कही गयी है. पुलिस जब्त सामग्री की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसका इस्तेमाल किस प्रकार किया जा रहा था.

पंडाल को पुलिस ने किया ध्वस्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की पैकिंग के लिए इस्तेमाल किये जा रहे पंडाल को ध्वस्त कर दिया. बताया गया कि पंडाल ईंट भट्ठे के समीप तैयार किया गया था और आसपास की झाड़ियों का इस्तेमाल गतिविधियों को छिपाने के लिए किये जाने की आशंका है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

कारोबारियों की तलाश में जुटी पुलिस

छापेमारी की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग भाग निकले. पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही कथित अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

पुलिस अब यह भी जांच करेगी कि बरामद शराब और पैकिंग सामग्री कहां से लायी गयी थी और कथित तौर पर तैयार शराब की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी. मामले में जब्त सामग्री की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही पूरे नेटवर्क की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: झारखंड के मेडिकल कॉलेजों को मिलेंगे 100 नए असिस्टेंट प्रोफेसर, धनबाद के 12 डॉक्टर भी रेस में शामिल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Hiralal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >