Dhanbad News: प्रेम यादव हत्याकांड में शूटर सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Giridih News: बिहार के सारण जिले के फुलवरिया निवासी प्रेम यादव हत्याकांड में पुलिस ने शूटर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने इस मामले में सारण जिले के अमनौर मदरौली निवासी रोहित कुमार सिंह उर्फ रोहित, कुणाल कुमार उर्फ लंदन और सोनपुर भेंडी टोला निवासी आकाश गोप को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास घटना में प्रयुक्त पिस्टल, एक देशी कट्टा, घटना में प्रयुक्त बाइक, मैगजीन, तीन जिंदा गोलियां और घटना के समय पहने गये कपड़े बरामद किये हैं. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने रविवार को अपने कार्यालय में इसकी जानकारी दी. इस दौरान सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे.

राहुल पांडेय की हत्या के प्रतिशोध में की गयी थी प्रेम की हत्या

पुलिस ने बताया कि सारण के भेल्दी थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल पांडेय की हत्या के प्रतिशोध में प्रेम यादव की हत्या की गयी थी. 18 नवंबर को झरिया पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तीन आरोपितों ने प्रेम यादव को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी. हत्या के बाद एसएसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया और पुलिस लगातार आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी. इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस अपराध में शामिल आरोपित रोहित कुमार सिंह और कुणाल कुमार उर्फ लंदन महाराष्ट्र के कोल्हापुर में छिपे हुए हैं. पुलिस की टीम महाराष्ट्र गयी और वहां छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरा आरोपी आकाश गोप वैशाली से गिरफ्तार किया गया.

घटना के समय बाइक चला रहा था आकाश, गोली रोहित ने मारी : पुलिस

पुलिस ने बताया कि घटना के समय तीनों आरोपित बाइक पर सवार थे. आकाश गोप बाइक चला रहा था, जबकि रोहित कुमार सिंह ने पिस्टल से प्रेम यादव पर गोली चलायी, इससे उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घनुडीह की तरफ भागे थे. इस दौरान घनुडीह की झाड़ियों में इन्होंने अपनी बाइक, पिस्टल और कट्टा फेंक दिया और फिर दूसरी गाड़ी से फरार हो गये. पुलिस को जानकारी मिलने के बाद सभी सामान बरामद कर लिये गये.

पुरस्कृत किये गये पुलिस अधिकारी

इस घटना के उद्भेदन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस टीम में एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष कुमार सत्यम, झरिया थाना प्रभारी एवं इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार, बोर्रागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार, घनुडीह थाना प्रभारी पंकज कुमार, झरिया थाना के एसआई प्रदीप लकड़ा, बिट्टु कुमार, सूरज यादव, सौरव कुमार, भीम लाल पासवान और अन्य अधिकारी शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >