धनबाद. रामगढ़ जेल में बंद मुथूट फाइनांस लूटकांड के आरोपी मो आसिफ पर जेल के अंदर से धनबाद में रंगदारी वसूलने और बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस की सूचना पर भूली ओपी की टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को आसिफ आलम को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, मौके से तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले.
इस मामले में भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर के बयान पर शनिवार की रात बैंक मोड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें जेल में बंद समस्तीपुर निवासी मो आसिफ, ईस्ट बसुरिया निवासी आसिफ आलम, भूली आजाद नगर निवासी अमन पंडित समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है.
ये भी पढ़ें: पुलिस लाइन के पास अचानक सड़क धंसी, तेज धमाके से उछला कंक्रीट; गेल की पाइपलाइन में ब्लास्ट
दो बाइक से पहुंचे थे चार लोग
प्राथमिकी के अनुसार, मो आसिफ बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के मुथूट फाइनांस ब्रांच लूटकांड में पूर्व में पकड़ा गया था और वर्तमान में रामगढ़ जेल में बंद है. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह जेल से अपने सहयोगियों के माध्यम से धनबाद में आपराधिक गतिविधियों की योजना बना रहा है.
इसी सूचना के आधार पर भूली ओपी पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, करीब दो बजे दो बाइक से चार लोग पहुंचे थे. पुलिस को देखते ही तीन लोग मौके से भाग गये, जबकि आसिफ आलम को हथियार के साथ पकड़ लिया गया.
पुलिस पूछताछ में आसिफ आलम ने कथित तौर पर अमन पंडित का नाम बताया. प्राथमिकी के अनुसार, भागने वाले दो अन्य आरोपी बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं.
अधिवक्ता के घर की रेकी का भी आरोप
भूली पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना झरिया निवासी अधिवक्ता मोहम्मद जावेद पर फायरिंग करने की थी. पुलिस का दावा है कि इसको लेकर आरोपियों ने अधिवक्ता के घर की रेकी भी की थी.
इसके अलावा एक-दो व्यवसायियों को भी निशाना बनाने की योजना होने की जानकारी पुलिस को मिली है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
जेल से व्हाट्सऐप और मैसेंजर के जरिये संपर्क का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आसिफ आलम ने बताया कि रामगढ़ जेल में बंद मो आसिफ उसके संपर्क में था. दोनों के बीच व्हाट्सऐप, फेसबुक मैसेंजर और जैगी एप के माध्यम से संपर्क होने की बात सामने आयी है.
ये भी पढ़ें: BIT सिंदरी में इंडक्शन कार्यक्रम का समापन, सर्जना और स्पोर्ट्स क्लब से परिचित हुए विद्यार्थी
पुलिस प्राथमिकी और पूछताछ में सामने आयी जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है. फरार आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
