Dhanbad News: योजनाएं फाइलों में नहीं, जमीन पर नजर आनी चाहिए : मेयर

महापौर संजीव सिंह झरिया विधायक रागिनी सिंह के साथ पहुंचे नगर निगम कार्यालय.अधिकारियों के साथ की बैठक.

महापौर संजीव सिंह सोमवार को उनकी पत्नी झरिया विधायक रागिनी सिंह के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे. उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की. महापौर संजीव सिंह ने जलापूर्ति, कचरा प्रबंधन और लंबित योजनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब काम जमीन पर दिखना चाहिए. बैठक में अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, प्रतिभा रानी और प्रसून कौशिक सहित अन्य अधिकारी थे.

स्वच्छ व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना प्राथमिकता

पत्रकारों से बातचीत में महापौर संजीव सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य धनबाद को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना है, जहां नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलें. उन्होंने कहा कि योजनाएं अब फाइलों में नहीं, जमीन पर नजर आयेंगी. उन्होंने अपने एजेंडे के तीन प्रमुख बिंदु गिनाये. कहा कि नियमित जलापूर्ति, कचरा प्रबंधन और सड़क-ड्रेनेज समेत सभी नगर सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाना है.

हर घर नल को लेकर ब्लू प्रिंट तैयार कर काम होगा

वर्ष 2018 से लंबित 1042 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित जलापूर्ति योजना पर कहा कि इसकी विस्तृत समीक्षा कर जिम्मेदारी तय की जायेगी. तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को दूर कर एक स्पष्ट टाइमलाइन तय की जाएगी ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके. कचरा डंपिंग यार्ड की समस्या को उन्होंने शहर की सबसे बड़ी चुनौतियों में गिनाया. कहा कि नई जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के समन्वय से स्थायी समाधान निकाला जायेगा.

नगर निगम में प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम लागू होगा

छह करोड़ पौधारोपण योजना में पौधों के सूखने के मामले पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने जांच के आदेश देने और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही. भविष्य में पौधों की निगरानी के लिए ‘प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम’ लागू करने की घोषणा की. राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि विकास है. उन्होंने नगर निगम बोर्ड की बैठक जल्द बुलाने और स्टैंडिंग कमेटी की सूची जल्द जारी करने की बात कही.

जलापूर्ति पर विशेष फोकस होगा : डिप्टी मेयर

डिप्टी मेयर अरुण चौहान सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे. उन्होंने कहा कि महापौर के साथ मिलकर विकास की गति देंगे. गरमी को देखते हुए जलापूर्ति पर विशेष फोकस किया जायेगा. हर घर नल योजना को लेकर काम किया जायेगा. नगर निगम के सभी 55 वार्डों में विकास किया जायेगा. जलापूर्ति के साथ साफ-सफाई पर भी विशेष मॉनिटरिंग की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >