Dhanbad News: बेटी की शादी के लिए निकाले थे पांच लाख रुपये, उचक्के झपट ले गये

बीसीसीएल कर्मी योगेंद्र पासवान अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर जा रहे थे. डीएवी कोयलानगर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने रुपये का थैला झपट लिया.

धनबाद.

बोर्रागढ़ निवासी बीसीसीएल कर्मी योगेंद्र पासवान सोमवार को अपनी बेटी की शादी के लिए कोयला नगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित एक बैंक की शाखा से पांच लाख रुपये निकालकर जा रहे थे. डीएवी पब्लिक स्कूल कोयलानगर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने रुपये का थैला झपट लिया और फरार हो गये. योगेंद्र पासवान सरायढेला थाना पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने जांच के क्रम में बाइक सवार दो अपराधियों को चिह्नित किया है, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखे हैं. उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है. योगेंद्र पुटकी एरिया में ड्यूटी करते हैं. उनका खाता कोयला नगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित बैंक में है. सोमवार को वह अपने भाई के साथ बाइक से रुपये निकालने आये थे. बैंक से रुपये निकालकर उसे प्लास्टिक की थैली में डाल बाइक की हैंडिल में टांगकर डीएवी स्कूल की तरफ जाने लगे. जैसे ही डीएवी स्कूल मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार बाइक से दो युवक आये और हैंडल में टंगा प्लास्टिक का थैला झपटकर फरार हो गये. देखते ही देखते हुए अपराधी आंखों से ओझल हो गये.

आधे घंटे से कर रहे थे रेकी

चांच के लिए पुलिस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहुंची. यहां सीसीटीवी फुटेज में बिहार नंबर की बाइक पर दो युवक दिखे. बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पीछे बैठा युवक टोपी पहने हुए था. दोनों बैंक की तरफ ही मंडरा रहे थे. उसके बाद वे गाड़ी से उतरे और वहां एक चाय दुकान पर गये. एक युवक ने कोल्डड्रिंक पी और दूसरा बिना हेलमेट घूमता दिखा. जैसे ही योगेंद्र पासवान अपनी बाइक से आगे निकले, दोनों उसके पीछे पड़ गये. आगे जाकर रुपये का थैला झपटकर भाग गये.

कोढ़ा गैंग हुआ सक्रिय

पुलिस ने बताया कि जिस तरह इन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है, यह बिहार के कोढ़ा गैंग के सदस्य हैं. बिहार नंबर की बाइक से ही धनबाद में घूम रहे हैं. पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >