Dhanbad: बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त जयंत मिश्रा ने कहा कि झारखंड में केवल चार प्रतिशत पैन धारक ही रिटर्न दाखिल करते हैं. वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा करीब 12 प्रतिशत है. उन्होंने आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया. सोमवार को धनबाद स्थित आयकर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 75 करोड़ पैनकार्ड धारक हैं. इनमें से केवल नौ करोड़ लोग ही आयकर रिटर्न भरते हैं. उन्होंने कहा कि करदाताओं की संख्या बढ़ने से ही राजस्व में वृद्धि संभव है. इसलिए लोगों को रिटर्न दाखिल करने के प्रति जागरूक करना आवश्यक है.
नये आयकर नियम समझना ज्यादा आसान
बैठक में नये आयकर अधिनियम 2025 पर भी चर्चा की गयी, जो एक अप्रैल 2026 से लागू होगा. उन्होंने बताया कि पुराने कानून के तहत लंबित मामलों का निपटारा पूर्व अधिनियम के अनुसार ही किया जायेगा. इससे कुछ समय तक दोनों कानून समानांतर रूप से लागू रहेंगे. उन्होंने कहा कि नया अधिनियम सरल और सहज बनाया गया है, ताकि आम लोगों को समझने में आसानी हो.
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
जयंत मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘विवाद से विश्वास योजना’ के तहत लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी कहा कि कई करदाता अग्रिम कर समय पर जमा नहीं करते हैं, जिससे उन्हें बाद में ब्याज देना पड़ता है. ऐसे में समय पर कर भुगतान के लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है. इस अवसर पर धनबाद आयकर रेंज के सभी अधिकारी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें…
रामनवमी के जुलूस में धनबाद की बेटियों का दिखेगा हुनर, अखाड़ों में बहा रहीं पसीना
चतरा में होमगार्ड बहाली डेट में बदलाव, 1 अप्रैल से शुरू होगा फिजिकल और रिटेन एग्जाम
