धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक शनिवार को संपन्न हुई. इसमें शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े फैसलों पर मुहर लगायी गयी. एनसीएपी के तहत विकास कार्यों के लिए कुल 141.82 करोड़ रु के प्राक्कलित प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव सिंह ने की. संचालन नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने किया. उपमहापौर अरुण चौहान विशेष रूप से उपस्थित थे. बैठक में पार्षदों की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उनके प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गयी.
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख
बैठक में पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया. पार्षदों की प्रमुख मांग को स्वीकार करते हुए बोर्ड ने स्वच्छता के लिए पूर्व में गठित ''''क्विक रिस्पांस टीम'''' को 15 अगस्त के बाद भंग करने का निर्णय लिया. इसके स्थान पर अब निगम के प्रत्येक वार्ड को बुनियादी स्तर पर मजबूत करने के लिए 15-15 समर्पित सफाई कर्मचारी आवंटित किये जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर पर नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके.
बुनियादी ढांचे और प्रकाश व्यवस्था का कायाकल्प
शहर के विभिन्न वार्डों में अंधेरे को दूर करने के लिए आवश्यकतानुसार पोल सहित नयी एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी. इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों के लिए 2.00 करोड़ रु की लागत से 3000 अतिरिक्त एलइडी स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन और अधिष्ठापन का निर्णय लिया गया.
तालाबों का सौंदर्यीकरण और कुओं का जीर्णोद्धार
पर्यावरण संरक्षण और जल संचय को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालाबों के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई के लिए लगभग दो करोड़ रु की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी. इसके साथ ही, विभिन्न कुओं के जीर्णोद्धार और नागरिक सुविधा के लिए 25.00 लाख रु की राशि स्वीकृत की गयी. जल निकासी हेतु मास्टर प्लान : शहर में अत्यधिक जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बरमसिया तालाब में जल संचय की क्षमता बढ़ाने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की योजना पर विस्तृत चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय की गयी.
एनसीएपी और क्लीन एयर फंड से सड़कों का सुदृढ़ीकरण
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और क्लीन एयर फंड के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों (जैसे वार्ड 01, 04, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12, 13, 14 आदि) में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराये जायेंगे.
पेवर ब्लॉक और बिटुमिनस सड़कें
रास्तों को टिकाऊ बनाने के लिए करोड़ों की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने और बिटुमिनस सड़कों के नवीनीकरण के दर्जनों प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी. इसमें कतरास, सिजुआ, गोधर, पुटकी और राजगंज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की मुख्य व आंतरिक सड़कें शामिल हैं. एनसीएपी के तहत इन विकास कार्यों के लिए कुल 141.82 रु करोड़ के प्राक्कलित प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति हेतु विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया.
