धनबाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर और आधुनिक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गयी है. जिला योजना शाखा ने विभिन्न खेलों के 1320 उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शुरू की है. इनकी खरीदारी जेम पोर्टल के माध्यम से की जायेगी. खरीद सूची में कुल 56 तरह के खेल उपकरण शामिल किये गये हैं. इनमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स और भारोत्तोलन के प्रशिक्षण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ विभिन्न खेलों की आवश्यक सामग्री शामिल है.
तीरंदाजी के खिलाड़ियों के लिए कई उपकरण
खरीद सूची में तीरंदाजी के उपकरणों की संख्या और विविधता काफी अधिक है. इसमें राउंड बो, एरो, एरो प्वाइंट, नॉक, चेस्ट गार्ड, एरो रेस्ट, बो स्टैंड, बो रिलीजर्स, कंपाउंड ट्रिगर, फिंगर टैब और साइट शामिल हैं. इसके अलावा एरो कटर, बो प्रेस और क्विवर भी खरीदे जायेंगे. इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
दौड़ से थ्रो तक एथलेटिक्स की सामग्री
एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के लिए दौड़ और फील्ड इवेंट दोनों से जुड़ी सामग्री खरीद सूची में रखी गयी है. इसमें हर्डल्स, स्टार्टिंग ब्लॉक, रिले बैटन, लॉन्ग जंप टेक-ऑफ बोर्ड, शॉटपुट टो बोर्ड, भाला, डिस्कस और शॉटपुट शामिल हैं.
विभिन्न स्पर्धाओं के अनुरूप अलग-अलग वजन के उपकरण खरीदे जायेंगे. सूची में 500 से 800 ग्राम तक के भाले, एक से दो किलो तक के डिस्कस और तीन से 7.26 किलो तक के शॉटपुट शामिल हैं.
हाई जंप और हैमर थ्रो के लिए भी सुविधा
हाई जंप के खिलाड़ियों के लिए क्रॉस बार, लैंडिंग पिट और अपराइट की व्यवस्था की जायेगी. वहीं हैमर थ्रो के लिए तीन से सात किलो तक के हैमर और संबंधित प्रशिक्षण उपकरण खरीदे जायेंगे. लॉन्ग जंप और ट्रिपल जंप के लिए टेक-ऑफ बोर्ड भी खरीद सूची में शामिल है.
भारोत्तोलन में 190 किलो तक के सेट
भारोत्तोलन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण सामग्री खरीदी जायेगी. प्रस्तावित सूची में पुरुष खिलाड़ियों के लिए 190 किलो और महिला खिलाड़ियों के लिए 185 किलो का प्रशिक्षण सेट शामिल है. इसके अलावा ओलंपिक स्तर का प्रशिक्षण बार भी खरीदा जायेगा.
खेल सामग्री की खरीद पूरी होने के बाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आवश्यक उपकरण बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकेंगे. इससे विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों की प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
