Dhanbad News: 73 में सिर्फ 7 छात्राएं पास, नतीजा : गणित शिक्षिका को हटाया, 20 का वेतन रोका

सीएम एसओइ केजीबीवी का मामला, सीबीएसइ 10वीं का रिजल्ट खराब होने पर गिरी गाज

-उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने की कार्रवाई

-गणित और विज्ञान के तीन नये शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति

Dhanbad News: सीबीएसइ 10वीं के परीक्षा परिणाम में मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय निरसा के निराशाजनक प्रदर्शन को उपायुक्त आदित्य रंजन ने गंभीरता से लिया है. उनके निर्देश पर डीइओ अभिषेक कुमार ने कार्रवाई करते हुए विद्यालय की गणित शिक्षिका की प्रतिनियुक्ति रद्द कर उनको मूल विद्यालय भेज दिया गया है. वहीं वार्डन समेत 20 शिक्षिकाओं का वेतन रोक दिया गया है. परीक्षा में महज 9.59 प्रतिशत छात्राएं ही पास हुईं हैं. बताते चलें कि परीक्षा में 73 छात्राएं सम्मिलित हुई थीं, जिनमें से केवल सात ही उत्तीर्ण हुई हैं. इसे देखते हुए पहले वार्डन समेत 20 शिक्षिकाओं का वेतन रोका गया, अब गणित की शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. गणित में सबसे अधिक 62 छात्राओं का कंपार्टमेंट लगा है. वहीं विज्ञान विषय में 32 छात्राओं को कंपार्टमेंट मिला है.

राजकीयकृत उवि पुटकी भेजी गयीं गणित शिक्षिका

गणित की सहायक शिक्षिका सीमा सिंह का प्रतिनियोजन रद्द कर दिया गया है. उन्हें उनके मूल विद्यालय राजकीयकृत उच्च विद्यालय पुटकी मंगलवार को विरमित कर दिया गया. साथ ही, स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन नये शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. गणित एवं भौतिकी विषय के लिए राजकीयकृत उवि कुमारधुबी से रंजीत कुमार वर्मा, जीवविज्ञान एवं रसायनशास्त्र के लिए महेंद्र प्लस टू उवि बरवापूर्व गोविंदपुर से वासुदेव प्रसाद महतो को प्रतिनियुक्त किया गया है. दोनों ने मंगलवार को योगदान दे दिया.

अन्य सीएमएसओइ विद्यालयों का प्रदर्शन संतोषजनक

धनबाद जिले में तीन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस हैं. इनमें जिला स्कूल का रिजल्ट 80.7 प्रतिशत, जबकि एसएसएलएनटी बालिका प्लस टू स्कूल का परिणाम 81.31 प्रतिशत रहा.

क्या कहते हैं डीइओ

शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. जिन विद्यालयों का प्रदर्शन खराब होगा, वहां जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

अभिषेक झा, जिला शिक्षा पदाधिकारीB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >