धनबाद: मैथन थर्मल विस्थापित एवं स्थानीय समिति (विधायक गुट) ने सोमवार की सुबह ढोल-नगाड़े के साथ प्रदर्शन करते हुए एमपीएल के चारों गेट को जाम कर दिया. सुबह करीब सात बजे शुरू हुआ आंदोलन देर शाम तक जारी रहा. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य द्वार, एटीएम गेट व डोमभुई गेट समेत सभी प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया.
गेट जाम होने से एमपीएल समेत विभिन्न कंपनियों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी प्लांट के अंदर ही फंसे रहे. अधिकारियों की बस और छोटे वाहनों का काफिला निरसा पुराना थाना के समीप घंटों खड़ा रहा. आंदोलन के कारण कंपनी का कामकाज प्रभावित रहा.
आंदोलन के समर्थन में किशोर मंडल और हाईवा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उज्ज्वल तिवारी अपने समर्थकों के साथ विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व वाले आंदोलन में पहुंचे और समर्थन दिया. समाचार लिखे जाने तक चारों गेट पर जाम की स्थिति बनी हुई थी. प्रबंधन की ओर से वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता सफल नहीं हो सकी.
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार के समीप टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है. यहां विधायक अरूप चटर्जी के अलावा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष विस्थापित देर रात तक डटे रहे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरसा थाना और एमपीएल ओपी के अधिकारी व जवान मौके पर तैनात रहे.
विस्थापितों ने रखीं कई मांगें
आंदोलनकारियों ने सभी शेष विस्थापित परिवारों (पीएपी) के पात्र लोगों को तत्काल रोजगार देने, रोजगार नहीं लेने वाले विस्थापितों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और कार्यरत विस्थापित श्रमिकों को पीएपी भत्ता लागू करने की मांग की.
इसके अलावा कार्य आवंटन में कथित अनियमितता की जांच, रैक अनलोडिंग कार्य से हटाए गए स्थानीय श्रमिकों की बहाली, स्थानीय इलेक्ट्रिशियनों को दोबारा रोजगार देने, संविदा श्रमिकों को नियमों के अनुसार पदोन्नति और एफजीडी परियोजना में स्थानांतरण की मांग उठायी गयी.
प्रदर्शनकारियों ने फ्लाई ऐश रैक लोडिंग कार्य से हटाए गए आठ स्थानीय श्रमिकों की बहाली, रैक लोडिंग में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता, स्थानीय सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति और ठेका कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग भी रखी.
उन्होंने सभी श्रमिकों को नियुक्ति पत्र जारी करने, श्रम संहिता के प्रावधानों का पालन करने और पदोन्नति में कथित पक्षपात की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की.
मौके पर किशोर मंडल, अमल मिश्रा, उज्ज्वल तिवारी, कामाख्या चौधरी, रणजीत तिवारी, भीम गोराई, संटू मिश्रा, बिट्टू पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
