प्रस्तावित गोमो फ्लाईओवर के लिए तोपचांची अंचल में करीब 11.84 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया तेज हो गयी है. इसे लेकर अधिघोषणा गुरुवार को जारी हुई. इसमें रामाकुंडा में 2.1378 एकड़, बरवाडीह में 3.64 एकड़, गुनघसा में 2.60 एकड़, महथाडीह में 0.86 एकड़ और लोदवाडीह में 0.63 एकड़ जमीन का उल्लेख है. इसके अलावा गुनघसा में अन्य खाता संख्या के 1.98 एकड़ भूमि की योजना भी दर्ज है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के भू-अर्जन निदेशालय ने अधिघोषणा जारी की है.
आपत्तियों की सुनवाई के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया
भूमि अर्जन की अधिघोषणा हितबद्ध लोगों की आपत्तियों की सुनवाई और जांच के बाद जारी की गयी है. भूमि अर्जन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन की व्यवस्था भी इसमें शामिल है. गुनघसा में प्रस्तावित भूमि योजना का निरीक्षण हितबद्ध लोग जिला भूमि अर्जन पदाधिकारी, धनबाद के कार्यालय में किसी कार्य दिवस में कर सकते हैं. संबंधित योजना 2013 के भूमि अर्जन कानून की अनुसूची-दो के अनुरूप है.
