मुराइडीह श्रमिक कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में मंगलवार को जनता मजदूर संघ का बरोरा क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ. मुख्य अतिथि जेबीसीसीआई सदस्य सह संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि मजदूरों के अधिकार और सम्मान से संगठन कोई समझौता नहीं करेगा.
श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन तेज किया जायेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मजदूरों के बीच रहकर उनकी समस्याएं उठाने का आह्वान किया.
उन्होंने आगे कहा कि मुराइडीह श्रमिक कॉलोनी में पानी और बिजली की समस्या से मजदूर परेशान हैं. समस्याओं को मुख्यालय स्तर पर उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जायेगा. मजदूरों को मूलभूत सुविधाओं से किसी भी स्थिति में वंचित रखना स्वीकार नहीं किया जायेगा.
जेबीसीसीआई गठन में देरी पर प्रबंधन के प्रति जतायी नाराजगी
जेबीसीसीआई गठन में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्रबंधन से जल्द गठन की मांग की. सम्मेलन में संगठन की गतिविधियों, श्रमिक समस्याओं और कोयला उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई.
सम्मेलन की अध्यक्षता एएमपी कोलियरी अध्यक्ष विनोद मिस्त्री ने की, संचालन बरोरा एरिया सचिव मंगल हेंब्रम और सूर्य बलि साव और धन्यवाद ज्ञापन कोलियरी सचिव गणेश सिंह ने किया.
मौके पर गोपाल मिश्रा, धर्मचंद देशवाली, अमित महतो, महेश श्रीवास्तव, सोनू कुमार सिंह, प्रताप सिंह, एतवारी साव, विष्णु कुमार, ढालचंद महतो सहित बरोरा बलोक दो क्षेत्र के कार्यकर्ता मौजूद थे.
