धनबाद. बरोरा थाना क्षेत्र के कॉलोनी रोड स्थित हरिणा बाजार में सोमवार की रात चोरों ने शिव स्वर्णकार की दुकान कुणाल ज्वेलर्स को निशाना बनाया. चोर छत का एसबेस्टस शीट तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और काउंटर में रखे मरम्मत के लिए आये ग्राहकों के आभूषण लेकर फरार हो गये. चोरी गये आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये बतायी गयी है.
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई. दुकान के अंदर जाने पर छत का एसबेस्टस शीट टूटा मिला. इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी बरोरा पुलिस को दी. संचालक ने घटना को लेकर थाना में लिखित शिकायत भी दी है.
मेन आलमारी तोड़ने में रहे असफल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर दुकान में प्रवेश करने के बाद मेन आलमारी को तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए. इसके बाद काउंटर में रखे मरम्मत के लिए आये ग्राहकों के आभूषण लेकर निकल गये.
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान का प्रयास
सूचना मिलने के बाद बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार करीब दो सप्ताह पूर्व भी इसी स्थान पर प्रज्ञा केंद्र और मोबाइल दुकान में चोरी हुई थी. उस घटना में एक लैपटॉप, मोबाइल और करीब चार हजार रुपये चोरी होने की बात सामने आयी थी. लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय दुकानदारों में चिंता है. उन्होंने पुलिस से जल्द मामले का उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
