जामताड़ा में आधी रात बारिश के बीच गिरी घर की छत, मलबे में दबकर गर्भवती महिला की मौत

जामताड़ा में भारी बारिश के कारण घर की छत ढह गई, मलबे में दबने से गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई. परिजनों ने सुरक्षित स्थान की मांग की है.

जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चरकपानी गांव में घर की छत ढह जाने से मलबे में दबकर एक गर्भवती महिला की मौत हो गयी. यह घटना लगातार बारिश होने से हुई. बुधवार को लीलावती देवी को एसएनएमएमसीएच धनबाद लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आधी रात तेज आवाज के साथ गिरी छत

बताया गया कि मंगलवार की रात चरकपानी गांव में लगातार बारिश हो रही थी. आधी रात के बाद अचानक घर की छत तेज आवाज के साथ गिर गयी. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर लीलावती देवी को बाहर निकाला. उस समय वह गंभीर रूप से घायल थी. इसके बाद उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया.

परिजन रात में ही उसे लेकर धनबाद के लिए रवाना हुए. बुधवार सुबह करीब चार बजे एसएनएमएमसीएच पहुंचने पर इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने महिला की जांच की. चिकित्सकों ने पाया कि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

परिवार में मचा कोहराम

लीलावती देवी के गर्भवती होने के कारण हादसे की गंभीरता और बढ़ गयी. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गयी है.

ग्रामीण क्षेत्र में कमजोर मकानों को खतरा

लगातार बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में जर्जर और कमजोर मकानों पर खतरा बढ़ गया है. चरकपानी की घटना ने बारिश के मौसम में ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कराने और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vicky Prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >