फुसरो नगर. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएलएम) के प्रमुख एवं डुमरी विधायक जयराम महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में कमजोर मानसून की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने राज्य को संभावित सूखा संकट से बचाने के लिए झारखंड को सूखाग्रस्त घोषित करने, मजबूत कृषि नीति, सिंचाई विस्तार तथा ग्रामीण रोजगार के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने की मांग की है.
जयराम महतो ने कहा कि इस वर्ष जून माह में सामान्य से काफी कम वर्षा होने के कारण खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि कम वर्षा का सीधा असर किसानों की आय, ग्रामीण मजदूरों की मजदूरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. जयराम महतो ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़े पैमाने पर पलायन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. इसे देखते हुए उन्होंने प्रवासी मजदूर आयोग के गठन की भी मांग की.
उन्होंने मनरेगा के तहत कार्य दिवस बढ़ाने और मजदूरी दोगुनी करने की मांग करते हुए निजी कृषि क्षेत्र में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने से जुड़े मामले के शीघ्र समाधान की आवश्यकता बताई.
पत्र के अंत में जयराम महतो ने कहा कि सूखे जैसी स्थिति अब गंभीर चुनौती बनती जा रही है. इसलिए सरकार को केवल राहत उपायों तक सीमित न रहकर कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार को केंद्र में रखकर दीर्घकालिक एवं प्रभावी नीति बनानी चाहिए, ताकि किसानों और ग्रामीण परिवारों को संभावित संकट से बचाया जा सके.
