सड़क हादसे में घायल आइटीबीपी जवान बबन शर्मा का निधन, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

पंचमहली निवासी आइटीबीपी जवान बबन शर्मा का रांची में इलाज के दौरान निधन हो गया. वह रामगढ़-गोला चौक के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे. तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.

पंचमहली कुमारधुबी निवासी आइटीबीपी जवान बबन शर्मा उर्फ गुड्डू (36) का इलाज के दौरान रांची में निधन हो गया. वह सोमवार को रामगढ़-गोला चौक के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पंचमहली लाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ सुंदरनगर बराकर नदी तट पर अंतिम संस्कार किया गया.

रामगढ़-गोला चौक के पास हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार बबन शर्मा एक दिन की छुट्टी पर रांची से अपने पैतृक घर पंचमहली आये थे. सोमवार को बाइक से वापस रांची लौटने के दौरान रामगढ़-गोला चौक के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद आइटीबीपी के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें रांची के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गयी.


आइटीबीपी जवान बबन शर्मा का फाइल फोटो

तिरंगे में लिपटा पहुंचा पार्थिव शरीर

बुधवार सुबह रांची कैंप से जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर पंचमहली लाया गया. उनके साथ आइटीबीपी के अधिकारी और जवान भी पहुंचे. जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. पूरे शव यात्रा के दौरान भारत माता की जय और बबन शर्मा अमर रहे के नारों से माहौल गूंजता रहा.

2011 में आइटीबीपी में हुए थे शामिल

स्थानीय लोगों के अनुसार बबन शर्मा स्वभाव से मिलनसार और मेहनती थे. उन्होंने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष कर वर्ष 2011 में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में नौकरी हासिल की थी. उनकी कार्यशैली और व्यवहार के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


शव से लिपट कर रोते-बिलखते परिजन

बबन शर्मा की शादी नौ वर्ष पहले हुई थी. अपने पीछे वह माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री और छोटे भाई को छोड़ गये हैं. जवान के असामयिक निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरिंदम चक्रवर्ती

अरिंदम चक्रवर्ती बीते 11 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। वे निरसा क्षेत्र की खबरों की रिपोर्टिंग और संपादकीय समन्वय का दायित्व निभाते हैं। स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्रीय घटनाओं पर तथ्यपरक एवं विश्वसनीय रिपोर्टिंग उनकी प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >