धनबाद में शुरू हुई इंडेन एक्सट्रालाइट सेवा, 10 किलो का सिलिंडर होगा 50% हल्का, 3-4 घंटे में डिलीवरी

इंडियन ऑयल ने 10 किलो का हल्का कंपोजिट सिलिंडर लॉन्च किया है. अब बिना ई-केवाईसी के एक आईडी प्रूफ पर मिलेगा कनेक्शन और 3-4 घंटे में घर पर डिलीवरी.

धनबाद के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. इंडियन ऑयल ने रविवार को इंडेन एक्सट्रालाइट सेवा शुरू की. इसके तहत उपभोक्ताओं को 10 किलो क्षमता वाला कंपोजिट गैस सिलिंडर मिलेगा. यह सामान्य घरेलू सिलिंडर की तुलना में करीब 50 फीसदी हल्का है. कंपनी के अनुसार, बुकिंग के बाद धनबाद में तीन से चार घंटे के भीतर डिलीवरी देने का लक्ष्य रखा गया है.

छोटे परिवारों, बुजुर्गों को होगी सहूलियत

ओजोन गैलेरिया मॉल में आयोजित कार्यक्रम में सेवा की शुरुआत की गयी. अधिकारियों के अनुसार, एक्सट्रालाइट सिलिंडर खासकर छोटे परिवारों, बुजुर्गों और उन लोगों के लिए सुविधाजनक विकल्प है, जिन्हें भारी सिलिंडर उठाने में परेशानी होती है. हल्का होने के कारण इसे घर में एक जगह से दूसरी जगह ले जाना भी आसान होगा.

एक आइडी प्रूफ और मिल जायेगा कनेक्शन

एक्सट्रालाइट कनेक्शन की प्रक्रिया भी सामान्य घरेलू कनेक्शन की तुलना में आसान रखी गयी है. इच्छुक उपभोक्ताओं को सिर्फ एक आइडी प्रूफ देना होगा. इसके लिए ई-केवाइसी की जरूरत नहीं होगी। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें सामान्य घरेलू एलपीजी की तरह कोटा की बाध्यता भी नहीं रखी गयी है. ग्राहक इंडेन एजेंसी से कनेक्शन ले सकेंगे.

जंगरोधी और सुरक्षा फीचर से लैस

इंडियन ऑयल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक सुबाल साईं ने बताया कि कंपोजिट सिलिंडर विशेष कंपोजिट सामग्री से तैयार किया गया है. यह जंगरोधी होने के साथ हाई-सेफ्टी फीचर से लैस है. कम वजन इसकी सबसे बड़ी खासियत है, जिससे इसे उठाने और इस्तेमाल के स्थान तक ले जाने में सुविधा होगी.

गैस खत्म होने पर जल्दी पहुंचेगा सिलिंडर

कंपनी ने धनबाद में एक्सट्रालाइट सिलिंडर की तीन से चार घंटे में डिलीवरी का लक्ष्य रखा है. इससे अचानक गैस खत्म होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है. तेज डिलीवरी की सुविधा खासकर छोटे परिवारों और नियमित घरेलू उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है.

कार्यक्रम में इंडियन ऑयल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक सुबाल साईं, फील्ड ऑफिसर मंसूर अख्तर, देवघर के फील्ड ऑफिसर भूपेंद्र सिंह, महावीर गैस एजेंसी के संचालक देवनारायण महतो, विंध्याचल इंडेन के संचालक शांतनु चंद्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे.

जनहित में क्यों है खास ?

कम वजन, आसान कनेक्शन, कोटा की बाध्यता नहीं और तेज डिलीवरी-इन सुविधाओं से एक्सट्रालाइट सिलिंडर बुजुर्गों, छोटे परिवारों और नये एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक विकल्प बन सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >