IIT (ISM) Dhanbad के अंतिम साल के विद्यार्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट शुरू होने से पहले ही नौकरी के अवसर मिलने लगे हैं. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अब तक तीन कंपनियों ने संस्थान के 12 विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) दिया है. इनमें तीन विद्यार्थियों को सालाना 40 लाख रु से अधिक के पैकेज पर ऑफर मिला है.
ऑफिशियल कैंपस एक दिसंबर से होगा शुरू
संस्थान में आधिकारिक कैंपस प्लेसमेंट सत्र एक दिसंबर 2026 से शुरू होना है. इससे करीब तीन-चार महीने पहले ही कंपनियों ने इंटर्नशिप के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नौकरी का प्रस्ताव देना शुरू कर दिया है.
इंटर्नशिप में प्रदर्शन के आधार पर चयन
आमतौर पर कंपनियां जुलाई से नवंबर के बीच अंतिम वर्ष के बीटेक विद्यार्थियों को उनके इंटर्नशिप प्रदर्शन के आधार पर PPO देती हैं. इस वर्ष अब तक अमेजन, स्लाइस और बैन एंड कंपनी की ओर से 12 विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिया गया है. चयन में विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, पेशेवर प्रदर्शन और समग्र क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाता है.
PPO के बाद भी प्लेसमेंट में शामिल होने का मौका
PPO मिलने के बाद विद्यार्थियों के लिए अन्य अवसरों के दरवाजे बंद नहीं होते. संस्थान की व्यवस्था के तहत PPO प्राप्त या उसे स्वीकार कर चुके विद्यार्थी भी आधिकारिक कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. वे अन्य कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेकर बेहतर करियर विकल्प तलाश सकते हैं.
हर साल 200 से अधिक छात्रों को मिलता है PPO
IIT-ISM का पिछले पांच वर्षों में PPO का रिकॉर्ड मजबूत रहा है. संस्थान में हर वर्ष 200 से अधिक विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिलते रहे हैं. वर्ष 2025-26 के प्लेसमेंट सत्र में 214 विद्यार्थियों को PPO मिला था. वहीं, कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से कुल 1,082 विद्यार्थियों ने नौकरी हासिल की थी.
