Dhanbad News: बस एसोसिएशन के संरक्षक ने पूर्व अध्यक्ष पर लगाया धक्का मुक्की का आरोप

Dhanbad News: धनबाद जिला बस एसोसिएशन के गठन के बाद विवाद बढ़ गया है. नव गठित कमेटी के संरक्षक ने पूर्व अध्यक्ष पर धक्का-मुक्की व गाली-गलौज का आरोप लगाया है. वहीं पूर्व अध्यक्ष ने भी कई गंभीर आरोप लगाये हैं. इसे लेकर बरटांड बस स्टैंड में दो फाड़ हो चुका है और दोनों गुट में तनाव है. वहीं पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.

जय प्रकाश नगर गली नंबर नौ में रहने वाले जिला बस एसोसिएशन के संरक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार को पूर्वाह्न अपने बस का हिसाब-किताब लेने के लिए बस स्टैंड गये थे. उसी समय पूर्व बस एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन सिंह के बुलाने पर वह उनके ऑफिस बस स्टैंड में गये. इसके बाद अनीश सिंह उर्फ साहिल सिंह, रणधीर सिंह, सुधीर सिंह, प्रेम किशोर सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह एवं चार-पांच अज्ञात लोग सभी एक साथ अचानक आकर मुझे गाली-गलौज करते हुए धक्का मुक्की करने लगे. जान से मारने की धमकी देते हुए बोले की नया एसोसिएशन बनाते हो तो तुम्हारे एसोसिएशन के प्रत्येक सदस्य को औकात बता देंगे.

मोहन सिंह के बेटे के खिलाफ भी थाना में शिकायत

वहीं दूसरी तरफ न्यू विशुनपुर में रहने वाले राजेश कुमार उर्फ मिट्ठु सिंह ने भी सोमवार को धनबाद थाना में मोहन सिंह के पुत्र अनीश सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है. बताया कि सोमवार को अपराह्न वह अपने जय प्रकाश नगर के फ्लैट निकल रहा था तभी मोहन सिंह का पुत्र अनीश सिंह उसकी गाड़ी का पीछा करके रोका और पिस्टल सटाकर मारपीट व गाली-गलौज की. राजेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगायी है.

राजेश सिंह व अन्य के खिलाफ शिकायत

जय प्रकाश नगर निवासी अनीश सिंह के चाचा प्रेम किशोर सिंह ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत की है. जिसमें उन्होंने बताया कि सोमवार के पूर्वाह्न राजेश सिंह उर्फ मिट्ठु सिंह अपने पुत्र सन्नी सिंह, मनी सिंह के साथ ब्रिजानंद अपार्टमेंट स्थित मेरे भतीजे का कार्यालय में अचानक पहुंचे और मेरे साथ मारपीट गाली गलौज करते हुए मेरे कनपट्टी पर पिस्टल सटा दिया. इस दौरान सोने की चेन व एक लाख रुपया नगद छीन लिया. वहीं धमकी दी की अपने भतीजा अनीश सिंह को समझा देने की मेरे सामे कभी न आये नहीं तो तुम दोनों को जान से मार देंगे.

अरुण सिंह सहित कई के खिलाफ शिकायत

जय मां गौरी बस का व्यवस्थापक रत्नेश कुमार सिंह ने भी थाना में लिखित शिकायत की है. जिसमें बताया कि सोमवार के पूर्वाह्न वह बस स्टैंड में था. तभी अचानक 10-15 लोग की संख्या में वहां कई लोग पहुंचे, इसमें अरुण सिंह, संजय सिंह, सूरज सिंह, सुनिल सिंह, दिलीप सिंह तथा अभिषेक सिंह सहित अन्य लोग थे. सभी लोगों ने मिलकर मुझ पर हमला कर दिया उन्होंने गाली गलौज करते हुए पिस्टल सटाकर एक लाख रुपया रंगदारी मांगी, और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान धक्का मुक्की करते हुए सोने की चेन, 10 हजार रुपये, सोने की अंगूठी छीन ली.

जांच की जा रही है, कार्रवाई करेंगे : थाना प्रभारी

वहीं धनबाद थाना प्रभारी आरएन ठाकुर ने बताया कि चार आवेदन आये हैं. सभी मामलों की जांच की जा रही है. जांच के उपरांत आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >