नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने रविवार को गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय में उद्यान मेला सह प्रादर्श प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. उन्होंने धनबाद में कृषि व उद्यान में अपार संभावनाएं जतायी. वहीं सामूहिक खेती और ऑर्गेनिक खेती पर जोर देते हुए किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने की बात कही.
योजनाओं की दी जानकारी
जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा ने प्रदर्शनी एवं उद्यान मेला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और विभाग की योजनाओं की जानकारी दी. जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा ने कहा कि खेती-बाड़ी को बढ़ावा देने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं का धनबाद जिले में कार्यान्वयन किया जा रहा है. कार्यक्रम में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मधुकर शुक्ल, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुदीप्तो बनर्जी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ नवीन कुमार, जिला उद्यान कार्यालय के शशि शेखर सिन्हा, अब्दुल कयूम काजी, समरेश चौधरी, रमेश मंडल तथा जिले के विभिन्न प्रखंड के आये लगभग 300 किसान शामिल हुए. मेले में जिले के प्रगतिशील किसानों द्वारा लाये गये फल-फूल, सब्जी के श्रेणी में लाये गये प्रादर्श के प्रथम, द्वितीय, तृतीय श्रेणी में चयनित 100 किसानों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया.
किसानों से किया गया सीधा संवाद
मेले में किसानों को उद्यान विभाग प्रभाग द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और किसानों से सीधा संवाद किया. वहीं फसल की बीमारियों के निदान के उपाय, बीमारियों के कारण, कैसे अपनी फसल का अधिकतम मूल्य लिया जा सकता है आदि जानकारी भी दी गयी. कृषि विज्ञान केंद्र बलियापुर धनबाद के वरीय वैज्ञानिक डॉ नवीन कुमार ने किसानों के सवालों के भी जवाब दिये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
