Dhanbad News:केंदुआ में सड़क धंसी, भू-धंसान का खतरा बढ़ा

धनबाद–केंदुआ मुख्य मार्ग पर ओल्ड जीएम बंगला के पास सड़क करीब डेढ़ फीट धंसने और दरार पड़ने से इलाके में भू-धंसान की आशंका बढ़ गयी है.

धनबाद–केंदुआ मुख्य मार्ग पर ओल्ड जीएम बंगला के पास सड़क करीब डेढ़ फीट धंसने और दरार पड़ने से इलाके में भू-धंसान की आशंका बढ़ गयी है. प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क को बैरिकेड कर दिया है और राहगीरों को पुराने थाना मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुटकी अंचलाधिकारी विकास आनंद, बीसीसीएल के जीएम जीसी साहा, एजीएम एन राय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गयी. इसी क्रम में डीआरडीओ डायरेक्टर राजीव रंजन, पुटकी सीओ विकास आनंद, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, जीएम जीसी साहा समेत अन्य अधिकारियों ने केंदुआडीह थाना में बैठक कर स्थिति पर विचार-विमर्श किया. बैठक के दौरान गैस प्रभावित क्षेत्र के लोग भी थाना पहुंच गए और अधिकारियों के बाहर आने का इंतजार करने लगे. बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही अधिकारी बाहर निकले, स्थानीय लोगों ने जीएम जीसी साहा को घेर लिया और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग करने लगे. इस पर जीएम ने बेलगढ़िया में शिफ्ट होने पर दो क्वार्टर और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की बात कही, लेकिन लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. स्थिति तनावपूर्ण होने पर किसी तरह अधिकारियों को वहां से निकाला गया. बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. जिस स्थान पर सड़क धंसी है, उसे पहले से ही भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्र घोषित किया जा चुका है.

गैस समस्या से लोग परेशान, समाधान नहीं

जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल प्रबंधन गैस प्रभावित क्षेत्र के दर्जनों घरों को खतरनाक मानते हुए उन्हें शिफ्ट करने के लिए प्रशासन के साथ प्रयासरत है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से वैज्ञानिकों की टीम के साथ काम करने के बावजूद गैस की समस्या का समाधान नहीं हो सका है. लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया तो बड़ी घटना हो सकती है.

थाना शिफ्ट करने की तैयारी तेज

केंदुआडीह थाना को गैस प्रभावित क्षेत्र से हटाकर केंदुआ पुल स्थित बीएसएनएल के बंद पड़े लोयाबाद टेलीफोन एक्सचेंज भवन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. बुधवार को डीआरडीओ डायरेक्टर राजीव रंजन, पुटकी सीओ विकास आनंद, थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, जीएम जीसी साहा और एजीएम एन राय ने उक्त भवन का संयुक्त निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बीसीसीएल को जल्द से जल्द भवन को थाना शिफ्टिंग के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए. गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर माह में भी इस भवन का निरीक्षण किया गया था, लेकिन उस समय केवल प्रारंभिक आकलन ही किया गया था.

मेयर ने लोगों से की बातचीत

दोपहर करीब तीन बजे धनबाद के मेयर संजीव सिंह केंदुआ पहुंचे और धंसी सड़क व दरार वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने बीसीसीएल और प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की. मेयर ने लोगों को बेलगढ़िया में शिफ्ट होने के लिए समझाया और बताया कि वहां 99 साल की लीज पर दो क्वार्टर और किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस पर लोगों ने विचार करने के लिए एक-दो दिन का समय मांगा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >