पेशाब में जलन की शिकायत ले पहुंची थीं झाड़-फूंक कराने राहत के बजाय बढ़ गयी परेशानी, डॉक्टर ने कहा- बीमारी में समय पर कराएं जांच
अंधविश्वास के कारण बीमारी का सही इलाज कराने में विलंब कई बार भारी पड़ सकता है. गोविंदपुर के कल्याणपुर की 73 वर्षीया उपासी मंझियान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पेशाब में जलन की शिकायत के बाद वह बरवाअड्डा क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास झाड़-फूंक कराने पहुंचीं.
महिला के अनुसार, वहां बीमारी ठीक करने के नाम पर उनके पेट पर गर्म लोटा रख दिया गया. इसके बाद उनकी परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गयी. शनिवार को वह इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच पहुंचीं.
कई माह से थी पेशाब में जलन
महिला ने चिकित्सकों को बताया कि उन्हें कुछ माह से पेशाब करने के दौरान जलन की शिकायत थी. लगातार समस्या बनी रहने पर आसपास के लोगों से इलाज के संबंध में जानकारी ली. इसी दौरान किसी परिचित ने बरवाअड्डा क्षेत्र में झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की जानकारी दी.
गर्म लोटा पेट पर रखने के बाद बढ़ी परेशानी
महिला के अनुसार, बीमारी ठीक करने के नाम पर उस व्यक्ति ने लोटे में आग लगाकर गर्म लोटा उनके पेट पर रख दिया. इसके बाद पेट में जलन और परेशानी होने लगी. साथ ही पेशाब संबंधी समस्या भी बढ़ गयी. अब उन्हें पेशाब करने में परेशानी के साथ अधिक जलन हो रही है. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जांच और उपचार की प्रक्रिया शुरू की.
अंधविश्वास से बचें, बीमारी में डॉक्टर से लें सलाह
एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने लोगों से बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय योग्य चिकित्सक से सलाह लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर ससमय जांच और उपचार जरूरी है. उन्होंने कहा कि पेशाब में जलन, पेशाब करने में परेशानी, दर्द या अन्य असामान्य लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो घरेलू या अंधविश्वास आधारित उपचार के बजाय चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए.
