Dhanbad News: अब सोमवार व शनिवार को नहीं होगा ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर टेस्ट

Dhanbad News: अब सोमवार व शनिवार को नहीं होगा ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर टेस्ट

Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. परिवहन विभाग की ओर से जिले में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) टेस्ट व्यवस्था में अहम बदलाव किया गया है. नए साल से लागू इस निर्णय के तहत अब सोमवार और शनिवार को डीएल के लिए ड्राइविंग टेस्ट नहीं लिया जाएगा.

नये साल में सॉफ्टवेयर के बाद किया गया है बदलाव :

अधिकृत सूत्रों के अनुसार परिवहन सेवा पोर्टल पर बदलाव कर दिया गया है और इन दोनों दिनों के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा बंद कर दी गयी है. जानकारी के अनुसार यह निर्णय टेस्ट प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. साथ ही टेस्ट लेने के लिए एमवीआइ व ट्रैफिक डीएसपी को जिम्मेदारी दी गयी है. एमवीआइ के धनबाद सहित दुमका के प्रभारी होने के वजह से शनिवार को उन्हें वहां रहना पड़ता था. जिस वजह से लोगों को दिक्कत ना हो इसलिए यह निर्णय लिया गया है. जिन आवेदकों ने नए साल से पहले सोमवार या शनिवार का स्लॉट बुक कर लिया था, उन्हें अब नजदीकी उपलब्ध तिथि पर नया स्लॉट लेना होगा. विभाग ने ऐसे आवेदकों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर लॉगइन कर संशोधित तिथि का चयन कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.

मंगलवार से शुक्रवार तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा डीएल टेस्ट :

नये प्रावधान के अनुसार, अब जिले में मंगलवार से शुक्रवार तक ही डीएल का ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा. विभाग की ओर से मेगास्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रोजाना टेस्ट लिया जाता है, जहां प्रतिदिन चार स्लॉट में लगभग 100 अभ्यर्थी ड्राइविंग टेस्ट देते हैं. छुट्टी के दिनों में किसी भी प्रकार का टेस्ट नहीं होगा. वहीं, लर्नर लाइसेंस (एलएल) टेस्ट की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी और यह सोमवार से शनिवार तक संचालित किया जाएगा. विभाग का कहना है कि डीएल और एलएल टेस्ट के दिनों को अलग-अलग स्पष्ट करने से संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव होगा और टेस्ट प्रक्रिया में पारदर्शिता आयेगी.

टेस्ट व मूल्यांकन को मिलेगा समय :

विभाग के अनुसार नए शेड्यूल से टेस्ट संचालन में भीड़ कम होगी और आवेदकों को निर्धारित दिनों में बेहतर सुविधा मिल सकेगी. साथ ही, टेस्ट लेने वाली टीम को भी तैयारी और मूल्यांकन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा. विभाग ने आवेदकों को सलाह दी है कि वे टेस्ट के लिए आने से पहले स्लॉट की तारीख और समय की पुष्टि अवश्य कर लें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >