राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर मोड़ स्थित अजित ज्वेलर्स में शनिवार की रात चोरों ने दुकान की एस्बेस्टस छत और सीलिंग तोड़कर हजारों रुपये के चांदी के जेवर तथा कांसा-पीतल के बर्तन चोरी कर लिये. चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके. घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खोलने पर हुई. सूचना मिलते ही राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
सुबह दुकान खोलने पर चला चोरी का पता
तेतुलमारी निवासी दुकानदार अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला. जांच करने पर चोरी का पता चला. चोर दुकान की एस्बेस्टस छत और सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे. इसके बाद दुकान में रखे चांदी के जेवर और कांसा-पीतल के बर्तन लेकर फरार हो गये.
तिजोरी तोड़ने में नहीं मिली सफलता
दुकानदार के अनुसार, चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे खोल नहीं सके. चोरी हुए सामान की कीमत हजारों रुपये बतायी जा रही है. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
वर्ष 2022 में भी हुई थी चोरी
दुकानदार अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी. दोबारा चोरी की घटना से दुकानदार चिंतित हैं. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
