- मोटर व्हीकल एक्ट और माइनिंग नियमों के उल्लंघन पर संयुक्त जांच अभियान
- दस्तावेजों की जांच के बाद होगी जुर्माना समेत आगे की कानूनी कार्रवाई
- डीटीओ ने ट्रांसपोर्टरों से नियमों का पालन करने और त्रिपाल का इस्तेमाल करने की अपील की
प्रतीक पोपट, धनबाद
धनबाद में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए डिस्ट्रिक्ट माइनिंग टास्क फोर्स (डीएमटीएफ) लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में 15 और 16 जुलाई को एना कोलियरी और कतरास कोलियरी क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट और माइनिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप में करीब 40 वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया.
जांच में मिली कई तरह की अनियमितताएं
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने बताया कि नियमित जांच अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों और खनिज परिवहन से जुड़े कागजात की जांच की गयी. जांच में कई वाहनों में मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन, माइनिंग चालान में विसंगतियां, टैक्स बकाया, बिना त्रिपाल के खनिज परिवहन तथा अन्य अनियमितताएं सामने आयीं.
दस्तावेज जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
इन अनियमितताओं के आधार पर वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों को सौंप दिया गया है. वाहन मालिकों से सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
बीसीसीएल और ट्रांसपोर्टरों को दी गयी सलाह
डीटीओ ने बीसीसीएल और सभी ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वाहन तभी सड़क पर चलायें, जब उनके सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण हों. साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट का पालन करें और खनिज परिवहन के दौरान त्रिपाल का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. उन्होंने कहा कि इससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी और नियमों के उल्लंघन के मामलों में कमी आयेगी.
