जोड़ापोखर। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह 10 नंबर टाटा कंपनी की न्यू कॉलोनी में बुधवार की देर शाम अवकाश प्राप्त कर्मी शिवशंकर मल्लाह के घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने नकदी और सोने के जेवरात चुरा लिए। पीड़ित शिवशंकर मल्लाह की पत्नी अशर्फी देवी ने बताया कि घटना के समय उनके पति और दोनों बेटे राजेश व राकेश रोज की तरह स्टेडियम गए हुए थे. वह घर में अकेली रसोई में खाना बना रही थीं. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक घर के पास आए. एक युवक घर का फाटक देखकर अंदर घुस गया और अलमारी में रखा सोने का पुराना मंगलसूत्र, हनुमान जी का लॉकेट और 2000 रुपये नकद लेकर दरवाजा बंद कर बाहर निकलने लगा. अशर्फी देवी ने दरवाजे की आवाज सुनकर बाहर आकर देखा तो एक युवक घर से निकल रहा था. पूछने पर चोर ने कहा कि वह उनके बेटे राजेश को खोजने और उसका नंबर लेने आए हैं. इतना कहकर तीनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बाद में अंदर जाकर देखा तो अलमारी से जेवरात और रुपये गायब थे. चोरी गए सोने का वजन लगभग डेढ़ भर बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
