Dhanbad News:बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के एकेडब्ल्यूएमसी चार नंबर हाजिरी घर के समीप रविवार की रात साढ़े आठ बजे डीजल चोरों ने स्कानिया वाहन से डीजल चोरी का विरोध करने पर दो ऑपरेटरों की जमकर पिटाई कर दी. इससे ऑपरेटर रामप्यारी व बारिश मियां जख्मी हो गये. सहयोगी साथियों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए तिलाटांड़ क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज चल रहा है.
घटनास्थल पर लगा है सीसीटीवी कैमरा
बताया जाता है कि द्वितीय पाली में चार नंबर हाजिरी घर के समीप रात 8:15 बजे डीजल चोरों का दल पहुंचा और वहां खड़ा स्कानिया वाहन से डीजल निकालने लगा. इसका ऑपरेटरों ने विरोध किया, तो चोरों ने दोनों की पिटाई कर दी. घटना के बाद कोलियरी के कर्मी गोलबंद हो गये हैं. कर्मियों का कहना है कि चार नंबर हाजिरी घर के समीप सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है. फुटेज की जांच करने से घटनाक्रम का खुलासा हो सकता है. इस संबंध में एकेडब्ल्यूएमसी के पीओ मोहन मुरारी ने स्थानीय पुलिस व सीआइएसएफ को तत्काल सूचना दे दी गयी है. एकेडब्ल्यूएमसी से भारी मशीनों से डीजल चोरी का कारोबार अर्से से चल रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
