धनबाद के मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के कार्यालय में लगी आग, बड़ा हादसा टला

Dhanbad News: धनबाद के सिंदरी में मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के निर्माणाधीन चुनावी कार्यालय में देर रात आग लग गई. स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन से चर्चा की जाएगी.

Dhanbad News: कोयलानगरी धनबाद के सिंदरी स्थित शहरपुरा नेहरू मैदान के पास मेयर पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल के निर्माणाधीन चुनावी कार्यालय में रविवार देर रात आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया. हालांकि, आग से कार्यालय में लगा पर्दा जल गया और कुछ सामान को नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया.

जनसंपर्क अभियान से पहले हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को चंद्रशेखर अग्रवाल का सिंदरी में जनसंपर्क अभियान प्रस्तावित था. इसी दौरान उनके नए कार्यालय का उद्घाटन भी होना था. आग लगने की घटना से कार्यालय के निर्माण कार्य पर असर पड़ा है. स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

कचरे में आग लगने की आशंका

सिंदरी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पास में पड़े कचरे में आग लगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय के बगल में शहरपुरा मार्केट का कचरा फेंका जाता था. संभवतः उसी कचरे में आग लगने से लपटें निर्माणाधीन कार्यालय तक पहुंच गईं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला के शासन गांव में 20 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

प्रशासन से करेंगे चर्चा

मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि वह सोमवार को सिंदरी पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से इस घटना पर चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता चल सके. इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से संभावित बड़ा नुकसान टल गया.

इसे भी पढ़ें: बड़कागांव के बाबूपारा में वृद्ध दंपति की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >