धनबाद नगर निगम की खुल गई पोल, आठ लेन की सड़क पर बन गया गड्ढा! इलाके में दहशत

Dhanbad Road Damage: धनबाद में करोड़ों की लागत से बनी 8 लेन सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं. प्रशासन ने जांच और जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है. लोगों ने सड़क को सुरक्षित बनाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

धनबाद से ज्योति राय की रिपोर्ट

Dhanbad Road Damage: झारखंड में धनबाद नगर निगम की पोल खुल गई. शहर में करोड़ों रुपये की लागत से बनी 8 लेन सड़क एक बार फिर विवादों में आ गई है. धनबाद से भूली जाने वाली मुख्य सड़क के राइट लेन में अचानक बड़ा गड्ढा बन जाने से इलाके में दहशत फैल गई. यह सड़क शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं. ऐसे में सड़क के बीचों-बीच बने इस गड्ढे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

स्थानीय लोगों ने किया अस्थायी इंतजाम

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए गड्ढे के चारों ओर ईंट-पत्थर लगाकर अस्थायी घेराबंदी कर दी. लोगों ने अपने स्तर पर सावधानी बरतते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह भी दी. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीच में बना गड्ढा काफी गहरा है, जो किसी भी भारी वाहन के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

करोड़ों की लागत के बावजूद सवालों के घेरे में सड़क

स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि करीब 450 से 500 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क में बार-बार खामियां सामने आ रही हैं. लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो रही है. उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है.

धंसने की वजह को लेकर जताई जा रही आशंका

प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने या किसी पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह गड्ढा बना है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं की गई, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है. फिलहाल प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया है.

प्रशासन ने दिया जल्द मरम्मत का आश्वासन

इस मामले में आरसीडी के इंजीनियर मिथिलेश सिंह ने कहा कि उन्हें सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिल चुकी है. उन्होंने बताया कि निरीक्षण के लिए टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा. हालांकि, जब तक मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है.

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा नगर परिषद के निर्विरोध उपाध्यक्ष बने अब्दुल कादिर, वार्ड पार्षदों ने जताया भरोसा

स्थानीय लोगों की मांग, जल्द हो स्थायी समाधान

इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी दोहराई है.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में सिलेंडर के लिए घमासान, कहीं लड़ाई तो कहीं सड़क जाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >