Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच इमरजेंसी में ऑन कॉल सिस्टम से इलाज प्रभावित, मरीज घंटों इंतजार को विवश

Dhanbad News: विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता और ऑन कॉल सिस्टम की धीमी प्रक्रिया के कारण मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.

धनबाद, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) की इमरजेंसी सेवा इन दिनों अव्यवस्था का शिकार है. यहां भर्ती मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श नहीं मिलने से इलाज प्रभावित हो रहा है. दरअसल, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का प्राथमिक इलाज ऑन ड्यूटी तैनात चिकित्सक करते हैं. लेकिन कई मामलों में मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर की जरूरत पड़ती है. ऐसे में इमरजेंसी चिकित्सक फिजिशियन ऑन कॉल (पीओसी) और सर्जन ऑन कॉल (एसओसी) को संपर्क करते हैं.

मौजूदा व्यवस्था के तहत पीओसी और एसओसी डॉक्टर ओपीडी समय समाप्त होने के बाद ही इमरजेंसी में मरीजों को देखने पहुंचते हैं. इस कारण गंभीर मरीजों के इलाज में देरी हो रही है. कई बार मरीजों को घंटों तक विशेषज्ञ के इंतजार में रहना पड़ता है. जिससे उनकी हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है.

प्रबंधन पर उठ रहे सवाल

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पहले से ही सवालों के घेरे में रहे एसएनएमएमसीएच में अब इमरजेंसी सेवा की यह स्थिति नयी चिंता का विषय बन गयी है. विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता और ऑन कॉल सिस्टम की धीमी प्रक्रिया के कारण मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति में सुधार के लिए प्रयास का दावा किया है.

बोले अधीक्षक

इस संबंध में अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने कहा कि इमरजेंसी में मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. ऑन कॉल सिस्टम में आ रही देरी की शिकायतें मिली हैं. जिसे गंभीरता से लिया गया है. संबंधित चिकित्सकों को समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. आवश्यकता अनुसार ड्यूटी रोस्टर में बदलाव कर व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >