धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद के धैया स्थित रानी तालाब में शनिवार को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम 14 मार्च 2026 को धनबाद नगर निगम की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया और स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया.
अधिकारियों ने किया श्रमदान
इस अभियान में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने सुबह 6:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर रानी तालाब परिसर की सफाई की और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
नगर निगम की टीम ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए. सभी ने मिलकर तालाब परिसर की सफाई की और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया. इस दौरान तालाब के आसपास जमा कचरे को हटाया गया और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए गए.
डीसी ने अभियान की सराहना की
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद की जनता और नगर निगम की टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा रानी तालाब में आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है. उन्होंने कहा कि यह स्थान शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में से एक है और यहां सफाई अभियान चलाकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया गया है.
हर वार्ड में जलाशयों की सफाई का लक्ष्य
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी वार्डों में एक-एक जलाशय को चिन्हित कर हर महीने एक दिन सफाई अभियान चलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि जिस वार्ड का प्रदर्शन सबसे बेहतर होगा, वहां विभिन्न विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा.
लोगों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे गंदगी फैलाने से बचें और जलाशयों में कचरा या पूजन सामग्री न डालें. उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते निर्माण कार्य और आबादी के कारण शहर में जलाशयों की संख्या कम होती जा रही है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए इनका संरक्षण बेहद जरूरी है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में नशे के कारोबारियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, जिलों में स्पेशल टास्क फोर्स बनाएगी सरकार
सप्ताह में एक दिन सफाई का संकल्प
डीसी ने सभी नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई करने की अपील की. साथ ही वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने वार्ड में ऐसे स्थानों को चिन्हित करें जहां सबसे ज्यादा गंदगी होती है, ताकि नगर निगम की टीम के साथ मिलकर उन स्थानों का सुधार किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: एक्शन में जगन्नाथपुर के एसडीओ और सीओ, बालू लदा चार टैक्टर जब्त
