Dhanbad News: सदर अस्पताल समेत स्वास्थ्य केंद्रों से हटाए जाएंगे 2009 से पहले के उपकरण

Dhanbad News: वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे पुराने मेडिकल इंस्ट्रूमेंट्स को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है, पुराने उपकरणों की मांगी गयी सूची.

धनबाद, सदर अस्पताल समेत विभिन्न प्रखंडों में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) व उप स्वास्थ्य केंद्रों में वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे पुराने मेडिकल इंस्ट्रूमेंट्स को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में सिविल सर्जन को निर्देश जारी किये हैं कि वर्ष 2009 या उससे पहले से उपयोग में लाये जा रहे उपकरणों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाये. निर्देश मिलते ही जिला स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है. सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों से पुराने इंस्ट्रूमेंट्स की सूची तैयार करने के साथ-साथ वर्तमान जरूरतों के अनुसार नये उपकरणों की मांग भी मांगी गयी है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार कई स्वास्थ्य केंद्रों में अब भी ऐसे उपकरण उपयोग में हैं जो तकनीकी रूप से पुराने हो चुके हैं. जिससे जांच और इलाज की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है.

चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे उपकरण

अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों से प्राप्त सूची के आधार पर चरणबद्ध तरीके से नए उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे. इसमें जांच, ऑपरेशन और सामान्य उपचार से जुड़े उपकरण शामिल होंगे. इससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी. सिविल सर्जन ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने केंद्रों की स्थिति का आकलन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपें. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जिन उपकरणों की हालत खराब है या जो अनुपयोगी हो चुके हैं. उनकी स्पष्ट जानकारी सूची में शामिल हो. विभाग की ओर से यह भी कहा गया है कि नए उपकरणों की आपूर्ति पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य मुख्यालय को भेजी जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >