Dhanbad News: आज से स्व-गणना, 15 मई तक ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म

Dhanbad News: 16 से घर-घर सर्वे, 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना फॉर्म, प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप गाइड भी उपलब्ध कराया गया है.

धनबाद, डिजिटल जनगणना के तहत एक मई से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. यह 15 मई तक चलेगी. इस दौरान लोग अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. इसके बाद 16 से 14 जून तक सरकारी कर्मी घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे. इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और सरल बनाया गया है. स्व-गणना के लिए नागरिक संबंधित पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते है. मोबाइल नंबर के जरिये लॉगिन कर फॉर्म भरा जायेगा. प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप गाइड भी उपलब्ध कराया गया है. खास बात यह है कि इस दौरान किसी भी तरह का ओटीपी, बैंक डिटेल या संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जायेगी, जिससे लोगों की गोपनीयता सुरक्षित रहे.

मकान सूचीकरण के दौरान कुल 34 सवालों के जवाब देने होंगे. इसमें मकान की स्थिति, निर्माण प्रकार, पानी, बिजली, शौचालय, किचन, एलपीजी और इंटरनेट जैसी सुविधाओं की जानकारी ली जायेगी. इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या गणना होगी, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों की उम्र, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी दर्ज की जायेगी. धनबाद जिले में इस अभियान को लेकर तैयारी तेज कर दी गयी है. नगर निगम के 55 वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना में भाग लें. साथ ही 10 प्रखंडों को चार्ज एरिया बनाया गया है, जिससे 16 मई से शुरू होने वाला घर-घर सर्वे समय पर पूरा किया जा सके. इस बार जनगणना फॉर्म 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा. हिंदी और अंग्रेजी के साथ क्षेत्रीय भाषाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिल सके.

सभी प्रशासनिक सीमाएं रहेंगी फ्रीज

जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाये रखने के लिए एक जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक सभी प्रशासनिक सीमाएं फ्रीज रहेंगी. इस दौरान कोई नया वार्ड या नगर निकाय नहीं बनाया जायेगा. किसी भी तरह की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है, जहां लोग अपनी समस्या का समाधान पा सकते है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >