Dhanbad News: नुनूडीह में 64 करोड़ रुपये से बनेगा आरएसपी कॉलेज का नया भवन

Dhanbad News: टेंडर प्रक्रिया पूरी, एल वन एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी, सात अप्रैल को संयुक्त स्थल निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा, 2017 से बेलगड़िया में अस्थायी रूप से संचालित है कॉलेज.

अशोक कुमार, धनबाद, आरएसपी कॉलेज को झरिया में शिफ्ट करने की दिशा में लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीसीएल) ने नुनूडीह में नए भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एल-वन एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है. 64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक एकेडमिक भवन को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे कॉलेज को स्थायी परिसर मिलने का रास्ता साफ हो गया है.

कॉलेज प्रशासन ने निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां की तेज

कॉलेज प्रशासन ने निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. प्राचार्य डॉ नीलेश कुमार सिंह के अनुसार सात अप्रैल को झरिया सीओ, बीसीसीएल और जेएसबीसीसीएल के अधिकारी संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करेंगे. इसके बाद निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की जाएगी. इस निरीक्षण को परियोजना के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद जमीन पर काम शुरू होने की उम्मीद है.

अत्याधुनिक परिसर

नया भवन जामाडोबा के पास नुनूडीह में आठ एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा. हालांकि यहां कॉलेज की लिए 13.5 एकड़ जमीन बीसीसीएल ने वर्ष 2019 में कॉलेज के शिफ्टिंग के लिए उपलब्ध करायी थी. लेकिन इसमें से करीब 5.5 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण है. इसे देखते हुए अभी आठ एकड़ जमीन पर ही निर्माण होगा. पहले इस स्थान पर बीसीसीएल का रोपवे जीएम का आवास था. वर्तमान में इसी परिसर में आरएसपी कॉलेज द्वारा बीबीए कोर्स का संचालन किया जा रहा है. नए भवन के निर्माण के बाद यहां सभी संकायों और कोर्सों को एक ही परिसर में संचालित किया जाएगा, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.

अस्थायी कैंपस में चल रही पढ़ाई

फिलहाल, आरएसपी कॉलेज के अन्य सभी कोर्स बेलगड़िया टाउनशिप स्थित हाई स्कूल भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रहे हैं. कॉलेज को सितंबर 2017 में यहां शिफ्ट किया गया था. इससे पहले कॉलेज झरिया में ही संचालित होता था. लेकिन, बगल में स्थित राजापुर कोलियरी क्षेत्र से फैल रही भूमिगत आग के खतरे को देखते हुए इसे बंद कर बेलगड़िया शिफ्ट किया गया.

शिफ्टिंग पर सियासत भी तेज

कॉलेज के शिफ्टिंग को लेकर स्थानीय राजनीति भी लगातार सक्रिय रही है. बेलगड़िया, जो सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में आता है, वहां के विधायक चंद्रदेव महतो इस शिफ्टिंग का विरोध करते रहे हैं. उनका कहना है कि वर्तमान में कॉलेज में झरिया के बजाय बेलगड़िया और बलियापुर क्षेत्र के विद्यार्थी अधिक पढ़ते हैं. ऐसे में कॉलेज को यहां से हटाना छात्रों के हित में नहीं होगा. वहीं दूसरी ओर झरिया क्षेत्र के जनप्रतिनिधि लगातार कॉलेज को वापस झरिया लाने की मांग उठाते रहे हैं.

फायर एरिया को लेकर उठी आपत्तियां

नुनूडीह में आवंटित जमीन को लेकर यह भी कहा गया कि यह फायर एरिया में आता है. इसी आधार पर सिंदरी विधायक ने राज्य सरकार के समक्ष आपत्ति दर्ज करायी थी. उनकी आपत्ति के चलते पहले जारी टेंडर को रद्द भी करना पड़ा था. इससे परियोजना में देरी हुई.

जांच में मिली राहत, फिर जारी हुआ टेंडर

विवाद के बाद संबंधित एजेंसियों द्वारा स्थल का निरीक्षण कराया गया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि नुनूडीह का यह क्षेत्र भूमिगत आग के खतरे से सुरक्षित है. इसके बाद नवंबर 2025 में जेएसबीसीसीएल ने दोबारा टेंडर जारी किया. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.

बोले सिंदरी विधायक

सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि राज्य सरकार को पत्र लिखकर आरएसपी कॉलेज के नुनूडीह शिफ्टिंग फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है. नुनूडीह के पास पहले से झरिया डिग्री कॉलेज मौजूद है. साथ ही बेलगड़िया और आसपास के विद्यार्थियों को झरिया आने-जाने में परेशानी होगी. ऐसे में कॉलेज को मौजूदा स्थान पर ही बनाए रखना अधिक उचित होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >